स्वस्थ शरीर के लिए केवल अच्छी डाइट और एक्सरसाइज ही काफी नहीं है बल्कि सुकून भरी नींद भी उतनी ही जरूरी है। इसी संदेश के साथ आज पूरी दुनिया विश्व नींद दिवस (World Sleep Day 2026) मना रही है। हर साल मार्च के दूसरे शुक्रवार को यह दिन मनाया जाता है। डिजिटल युग में स्क्रीन एडिक्शन और तनाव ने हमारी नींद का चक्र बिगाड़ दिया है जिसके गंभीर परिणाम अब स्वास्थ्य रिपोर्ट में नजर आने लगे हैं।
विश्व नींद दिवस का इतिहास
वर्ल्ड स्लीप डे की शुरुआत पहली बार 2008 में वर्ल्ड स्लीप सोसाइटी के एक समूह द्वारा की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य नींद की कमी से होने वाली बीमारियों, जैसे कि अनिद्रा और स्लीप एपनिया के प्रति जागरूकता फैलाना था। तब से हर साल मार्च में वर्नल इक्विनॉक्स से पहले वाले शुक्रवार को यह दिवस मनाया जाता है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि नींद कोई विलासिता नहीं बल्कि जीवित रहने के लिए एक बुनियादी आवश्यकता है।
टूटी हुई नींद है दिल की दुश्मन
हालिया मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार जो लोग रात में बार-बार जागते हैं या जिनकी नींद कच्ची होती है उनमें कार्डियक अरेस्ट और हार्ट अटैक का जोखिम 50% तक बढ़ जाता है। जब हमारी नींद पूरी नहीं होती तो शरीर में स्ट्रेस हार्मोन (Cortisol) का स्तर बढ़ जाता है जो ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट को प्रभावित करता है। बार-बार नींद टूटने की इस बीमारी को नजरअंदाज करना भविष्य में दिल के लिए भारी पड़ सकता है।
अच्छी नींद के फायदे
- गहरी नींद मस्तिष्क को रिपेयर करती है जिससे याददाश्त और एकाग्रता बढ़ती है।
- सोते समय हमारा शरीर बीमारियों से लड़ने वाली कोशिकाओं का निर्माण करता है।
- पर्याप्त नींद लेने से मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और बेवजह की भूख नहीं लगती।
जल्दी नींद के लिए टिप्स
अगर बार -बार कोशिश करने के बाद भी आपको नींद नहीं आती है तो कुछ आसान तरीकों को अपने रूटीन में शामिल कर सकते हैं। ये टिप्स एक अच्छी और गहरी नींद दिलाने में मदद कर सकते हैं।
20-20-20 का नियम
सोने से कम से कम 20 मिनट पहले मोबाइल और लैपटॉप को पूरी तरह बंद कर दें। स्क्रीन की नीली रोशनी नींद उड़ा देती है।
स्लीप शेड्यूल
हर दिन सोने और जागने का एक ही समय तय करें। इससे शरीर की जैविक घड़ी बनी रहती है।
कैफीन से दूरी
शाम 6 बजे के बाद चाय या कॉफी का सेवन न करें। निकोटीन और कैफीन मस्तिष्क को उत्तेजित रखते हैं।
गहरी सांस
बिस्तर पर लेटकर 10 बार गहरी सांस लें और छोड़ें। यह तंत्रिका तंत्र को शांत कर दिमाग को स्लीप मोड में ले जाता है।
सोने का माहौल
बेडरूम में अंधेरा और तापमान हल्का ठंडा रखें। हल्का संगीत या किताब पढ़ना भी सहायक हो सकता है।
वर्ल्ड स्लीप डे हमें इस बात के प्रति जागरूक करता है कि नींद की गुणवत्ता ही जीवन की गुणवत्ता तय करती है। ऐसे में आप आज ही यह संकल्प लें कि अपनी नींद से समझौता नहीं करेंगे।









