रायपुर। राजधानी रायपुर में सरकारी विभागों में वाहन किराए पर लगाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. एक शातिर दलाल ने करीब 25 से अधिक वाहन मालिकों को झांसे में लेकर उनकी गाड़ियां हड़प लीं और अब उनका कहीं पता नहीं चल रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ितों ने कांग्रेस नेता पंकज शर्मा और बिरगांव महापौर नंदलाल देवांगन के साथ रायपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है.
पीड़ित वाहन मालिकों का आरोप है कि प्रेम साहू, शशिकांत यादव और रोहित सरोज नामक व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया था. उन्होंने दावा किया था कि उनकी गाड़ियां सरकारी विभागों और प्राइवेट कंपनियों में अच्छे किराए पर लगाई जाएंगी. भरोसे में आकर मालिकों ने विधिवत एग्रीमेंट कर अपनी नई गाड़ियां उन्हें सौंप दीं.
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, पिछले कई महीनों से उन्हें किराए का भुगतान नहीं मिला है. जब उन्होंने अपनी गाड़ियों की लोकेशन चेक करनी चाही, तो पता चला कि गाड़ियों में लगे GPS सिस्टम को भी बंद या हटा दिया गया है. आरोपी ‘आज-कल’ का बहाना बनाकर समय टालते रहे और अब गाड़ियां लेकर फरार हैं. पीड़ितों को डर है कि उनकी गाड़ियां कहीं गिरवी रख दी गई हैं या बेच दी गई हैं.









