रायपुर. कचना क्षेत्र के स्वास्तिक नगर में पीएम आवास के परिवारों ने पानी की समस्या को लेकर निगम मुख्यालय के सामने बुधवार को मटकी फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया गया. निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में स्थानीयों ने विरोध जताते हुए उपायुक्त विनोद पांडेय को पत्र सौंपा. उन्होंने बोरिंग कार्य पूरा कराने की मांग की है.
जानकारी के मुताबिक, 20 जनवरी को नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से स्थानियों की मुलाकात के बाद टैंकरों की संख्या बढ़ाई गई थी. 3 फरवरी को आकाश ने स्वास्तिक नगर का दौरा कर बोरिंग के निर्देश दिए थे, लेकिन आश्वासन के बावजूद टैंकरों से सप्लाई जारी है. मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान लोगों ने निगम की अनदेखी के खिलाफ बुधवार को मोर्चा खोल दिया.
निवासियों का आरोप है कि नगर निगम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कॉलोनी बनाकर गरीब परिवारों को यहां विस्थापित तो कर दिया, लेकिन पीने का पानी, सड़क, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं आज तक नहीं दी गईं. पिछले एक साल से अधिक समय से लोग टैंकरों से की जा रही है, जबकि स्थायी समाधान के रूप में बोरिंग की मांग लंबित है.
निगम आयुक्त के प्रतिनिधि उपायुक्त विनोद पांडेय को आकाश तिवारी ने उन्हें बोरिंग की मांग को लेकर पत्र सौंपा. उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि 5 मार्च तक बोरिंग का कार्य पूरा कर दिया जाएगा और तब तक टैंकरों की संख्या बढ़ा दी जाएगी. नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि 5 मार्च तक बोर नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा.
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि रायपुर को महानगर बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन आम जनता को पीने का पानी तक नहीं मिल पा रहा. उन्होंने महापौर और निगम अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाया और कहा कि क्या वे केवल कुछ लोगों के लिए महापौर हैं या पूरे रायपुर के लिए.









