रायपुर शहर के फतेहशाह मार्केट क्षेत्र में एक बदमाश द्वारा आतंक फैलाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी वसीम खान उर्फ मम्मा ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर स्थानीय दुकानदारों के साथ गाली-गलौच एवं मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

बताया जा रहा है कि आरोपी वसीम खान पूर्व में भी कई मामलों में अलग-अलग थानों से जेल जा चुका है। इसके बावजूद क्षेत्र में उसकी दबंगई जारी है, जिससे व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों में भय का वातावरण व्याप्त है।

घटना के बाद पुलिस द्वारा मामूली धाराओं में एफआईआर दर्ज किए जाने से क्षेत्रवासियों में आक्रोश देखा गया। देर रात आक्रोशित लोगों ने कोतवाली थाना का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गंभीर अपराध के बावजूद हल्की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ की जाए और आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।









