आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता और प्रतिक्रिया समय में होगा सुधार
रायपुर, छत्तीसगढ़ में एकीकृत आपातकालीन हेल्पलाइन सेवा डायल 112 का संचालन अब GVK EMRI ग्रीन हेल्थ सर्विसेज द्वारा किया जा रहा है। कंपनी ने 11 फरवरी 2026 से इस सेवा का संचालन आधिकारिक रूप से संभाल लिया है। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी, त्वरित एवं सुदृढ़ बनाना है।
डायल 112 के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को पुलिस, अग्निशमन एवं चिकित्सा सहित विभिन्न आपातकालीन सेवाएं एक ही नंबर पर 24 घंटे उपलब्ध कराई जाती हैं। यह सेवा आधुनिक संचार प्रणाली एवं जीपीएस से लैस प्रतिक्रिया वाहनों के माध्यम से संचालित होती है, जिससे आपात स्थिति में घटनास्थल पर त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके।
नए संचालन प्रबंधन के तहत आपातकालीन प्रतिक्रिया समय में सुधार, कंट्रोल रूम एवं फील्ड यूनिट के बीच बेहतर समन्वय, कॉल हैंडलर्स एवं फील्ड स्टाफ को उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करने तथा आम नागरिकों में सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। GVK EMRI ग्रीन हेल्थ सर्विसेज द्वारा सेवा का संचालन संभालने से डायल 112 की कार्यप्रणाली और अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी होगी। नई संस्था की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को आपात स्थिति में त्वरित एवं विश्वसनीय सहायता उपलब्ध कराना है।
प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे डायल 112 का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके।









