BREAKING

बड़ी खबर

बिहार के नालंदा में शीतला माता मंदिर में भगदड़, 8 महिलाएं दबकर मर गईं; 12 से ज्यादा घायल

बिहार के नालंदा जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां माता शीतला के मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई है। इस भगदड़ में दबने से 8 महिलाओं की मौत हो गई है। 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हर मंगलवार को शीतला माता मंदिर में पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगती है। आज चैत्र का अंतिम मंगलवार होने के कारण भीड़ काफी उमड़ी हुई थी। मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई। भगदड़ के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान कई महिलाएं भीड़ में हीं दब गईं और उनकी मौत हो गई।

इधर घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, यह भगदड़ क्यों मची? इसको लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि मंदिर में सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती नहीं थी। हालांकि, घटना के बाद पुलिस-प्रशासन का अमला वहां पहुंच गया था।

मीडिया से बातचीत में एक महिला ने कहा कि वो पटना से माता के दर्शन के लिए आई थीं। यहां काफी ज्यादा भीड़ थी। प्रशासन ने पूरी व्यवस्था नहीं की थी। हालत यह हो गई कि लोग एक-दूसरे को धक्का देकर आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान घटना हुई। महिला ने कहा कि उनको सूचना मिली की 5 महिलाओं की मौत हो गई। लेकिन कई और लोगों की मौत हुई है।

बताया जा रहा है कि इस घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मंदिर को पूरी तरह खाली कराया जा रहा है। घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। इस हादसे के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या मंदिर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था या भीड़ प्रबंधन में कोई भारी कोताही तो नहीं बरती गई?

यह भी कहा जा रहा है कि घटना के बाद एंबुलेंस काफी देर से वहां पहुंचा था। आननफानन में मंदिर को फिलहाल बंद कर दिया गय है। हादसे के बाद वहां अफरातफरी मच गई है। मंदिर में एक मेले के भी आयोजन की जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि मंदिर और मेले दोनों ही जगहों पर लोगों की भारी भीड़ थी। एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि हर मंगलवार को यहां भीड़ होती है। मंदिर में कोई लाइन में लगना नहीं चाहता, सबको लगता है कि हम पहले अंदर चले जाएं। बहरहाल पुलिस-प्रशासन ने वहां मोर्चा संभाल रखा है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद स्थानीय लोग भी आक्रोशित हो गए। प्रशासन ने किसी तरह भीड़ में दबे लोगों को स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया। जहां घायलों को इलाज चल रहा है वहां भी सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। फिलहाल मंदिर प्रबंधन की तरफ से इस घटना को लेकर कुछ भी नहीं कहा गया है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में भगदड़ की घटना को अत्यंत ही दुखद व पीड़ादायक बताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की है। सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान की जा रही है। घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को एक दिन के दौरे पर बिहार आएंगी। वह राजगीर में अंतरराष्ट्रीय नालंदा विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी। वह विश्व प्रसिद्ध प्राचीन नालंदा महाविहार के भग्नावशेष का दीदार भी करेंगी। दीक्षांत समारोह में 31 देशों के 617 विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। इस मौके पर विश्वमित्रालय सभागार का उद्घाटन होगा। राष्ट्रपति सुबह 11.20 से शाम 4:50 तक करीब साढ़े पांच घंटे नालंदा में रहेंगी। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा की सख्त व्यवस्था की गयी है। नालंदा के अलावा जहानाबाद, गया, पटना समेत आठ से अधिक जिलों के ढाई हजार से अधिक पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को लगाया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts