जहां एक तरफ ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर एक छोटी फिल्म ‘युथ’ ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। महज 6 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 50 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर हर किसी को चौंका दिया है। ‘युथ’ की सबसे खास बात इसकी लगातार बनी हुई पकड़ है। तीसरे वीकेंड में भी फिल्म ने शानदार कमाई की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 16वें दिन फिल्म ने करीब 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद 17वें दिन यह आंकड़ा बढ़कर 1.92 करोड़ हो गया। सबसे ज्यादा उछाल 18वें दिन देखने को मिला, जब फिल्म ने करीब 2 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह तीसरे वीकेंड में फिल्म ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी और कलेक्शन में स्थिरता दिखाई।
अब तक ‘युथ’ का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन लगभग 55.52 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि नेट कलेक्शन 48.39 करोड़ के करीब है। वहीं इंटरनेशनल मार्केट में भी फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है और करीब 11 करोड़ रुपये कमा चुकी है। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 66 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है, जो इसके छोटे बजट को देखते हुए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
फिल्म ने अपने होम टाउन यानी तमिल मार्केट में सबसे ज्यादा कमाई की है, जहां से इसे करीब 42 करोड़ रुपये मिले हैं। इसके अलावा कर्नाटक और तेलुगु राज्यों से भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ‘युथ’ में कोई बड़ा स्टार नहीं है, लेकिन इसकी कहानी और कंटेंट ने दर्शकों को बांधे रखा। फिल्म में केन करुणास ने लीड रोल निभाया है और निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाली है। उनके साथ सूरज वेंजरामूडू और देवदर्शिनी जैसे कलाकार नजर आए हैं।
यह फिल्म एक बार फिर साबित करती है कि बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ बड़े बजट या बड़े स्टार ही नहीं, बल्कि मजबूत कहानी और अच्छी प्रस्तुति भी सफलता दिला सकती है। ‘युथ’ की यह सफलता छोटे बजट की फिल्मों के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरी है, जो दिखाती है कि सही कंटेंट के दम पर बड़ी फिल्मों के बीच भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है।









