महाराष्ट्र के पुणे जिले के मावल तालुका स्थित लोहगढ़ किले पर युवक केतन अग्रवाल की मौत ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। शादी, माेहब्बत और मर्डर की इस दास्तान ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। कैसे एक मंगेतर ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने होने वाले करोड़पति पति को मौत के घाट उतारा दिया और फिर उसे एक हादसा बताकर पूरी दुनिया को गुमराह करने की कोशिश की।
आरोपी सिया गोयल ने 18 जून को अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर अपने होने वाली पति केतन अग्रवाल को पुणे के लोहगढ़ किले पर ले जाकर 400 फीट गहरी खाई में धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह केवल एक दिन के कहानी नहीं है। इसके लिए कई दिन से साजिश चल रही थी। आइए जानते हैं केतन अग्रवाल हत्याकांड की पूरी टाइमलाइन।
पुणे के 26 वर्षीय बिजनेसमैन केतन अग्रवाल और 20 वर्षीय सिया गोयल की फरवरी 2026 में सगाई हुई थी। सिया, केतन की मंगेतर और होने वाली पत्नी थी। इस रिश्ते से केतन खुश था लेकिन सिया नाखुश थी। सिया किसी और से मोहब्बत करती थी। इसीलिए वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी।
पुणे पुलिस जांच के अनुसार, इस शादी को तोड़ने के लिए सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (22) के साथ मिलकर प्लानिंग की। केतन से सिया झगड़ा करती थी, लेकिन उनका यह प्लान सफल नहीं हो पाया। उसके बाद सिया और चेतन ने मिलकर 31 मई 2026 लोहगढ़ फोर्ट का दौरा किया। इसी दौरान उन्होंने केतन को रास्ते से हटाने की पूरी साजिश रची।
पुणे पुलिस के मुताबिक 14 जून को केतन की हत्या का पहला प्रयास किया गया। उस दिन केतन को लोहगढ़ ले जाया गया। इस दौरान उसे सांप का डर दिखाकर उन्हें घाटी की ओर ले जाने की कोशिश की गई। पुलिस का दावा है कि सिया का यह प्रयास सफल नहीं हो सका।
19 जून को सिया का जन्मदिन था इसे लेकर केतन काफी उत्साहित था। केतन ने सिया को बर्थडे से पहले सरप्राइज भी दिया। इसी मौके का फायदा उठाकर साजिश के मुताबिक 18 जून को सिया केतन को लेकर लोहगढ़ फोर्ट पहुंची, और अपने प्रेमी चेतन चौधरी को भी यहां बुलाया।
लोहगढ़ किले पर एक ऊंचे स्थान पर ले जाकर फोटो खिंचवाने के बहाने केतन को खाई के पास खड़ा किया और जैसे ही केतन का भटका सिया ने चेतन के साथ मिलकर केतन को 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया। खाई में गिरने के कारण केतन की मौत हो गई। इधर जैसे ही केतन खाई में गिरा सिया ने शोर मचाना शुरू किया। सिया ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि तेज हवा चलने और संतुलन बिगड़ने के कारण केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया। शुरुआती तौर पर इसे एक हादसा माना गया।
केतन अग्रवाल के परिवार ने भी शुरुआत में इसे हादसा माना, लेकिन उन्हें थोड़ा संदेह भी था क्योंकि केतन एक अनुभवी ट्रेकर था, जिसका संतुलन इतनी आसानी से नहीं बिगड़ सकता था। इधर पुणे ग्रामीण पुलिस इस मामले की जांच में जुटी थी। पुलिस ने जब मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक नई थ्योरी सामने आई। पुलिस के हाथ लगे सबूतों से साफ कर दिया कि यह हादसा नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है। पुलिस ने पाया कि घटना के वक्त वहां सिया के साथ उसका बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी भी मौजूद था।
पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुणे ग्रामीण पुलिस ने 23 जून को केतन की मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (22) को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही यह पूरा मामला एक हादसे से बदलकर सोची-समझी हत्या में तब्दील हो गया।








