BREAKING

छत्तीसगढराज्य

कुम्हारी के पास ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, मृतकों में दो महिलाएं और दो बच्चियां; हादसे की जांच में जुटी पुलिस

भिलाई/कुम्हारी। दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-53) पर कुम्हारी के पास गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूटी पर कुल पांच लोग सवार थे। मृतकों में दो महिलाएं और दो बच्चियां शामिल हैं। हादसा सुबह लगभग 10:00 से 10:30 बजे के बीच दुर्ग से रायपुर जाने वाली लेन में हुआ।


बताया जा रहा है कि हाईवे पर एक ट्रैक्टर (क्रमांक CG 07 NA 0930) खड़ा था। इसी दौरान स्कूटी (क्रमांक CG 07 DE 5847) के चालक ने एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे वाहन असंतुलित होकर खड़े ट्रैक्टर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के समय नेताओं का काफिला वहां से गुजर रहा था और पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि तत्काल सहायता मिलने में देरी हुई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts