आज सर्राफा बाजार में सोने और चांदी के दामों में एक बार फिर भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वैश्विक बाजारों में आई जबरदस्त तेजी और अमेरिका में महंगाई के आंकड़े जारी होने से पहले निवेशकों की बढ़ती सक्रियता से घरेलू बाजार में तेजी देखी जा रही है।
डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आई रिकॉर्ड गिरावट से सोने और चांदी का आयात काफी महंगा हो गया है। इसके चलते घरेलू बाजारों में सोना और चांदी नए रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। आने वाले त्योहारी सीजन के चलते सर्राफा बाजारों में मांग और मजबूत होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।
घरेलू बाजार में आज 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमतों में भारी उछाल आया है। कल के बंद भाव 1,52,340 रुपये के मुकाबले आज 24 कैरेट सोने का भाव 2,790 रुपये बढ़कर 1,55,130 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत भी बढ़कर 1,42,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है।
सोने की तरह ही आज चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। सोमवार को जहां प्रति 1 किलोग्राम चांदी की कीमत 2,44,900 रुपये थी, वहीं आज मंगलवार को इसका भाव बढ़कर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। इस प्रकार मात्र एक ही दिन में चांदी का भाव 10,100 रुपये प्रति किलो महंगा हो गया है।
आज दिल्ली, लखनऊ, चंडीगढ़ और जयपुर में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,55,280 रुपये तथा 22 कैरेट का भाव 1,42,350 रुपये दर्ज किया गया है। वहीं मुंबई, कोलकाता, पुणे, नागपुर, बैंगलोर और हैदराबाद में 24 कैरेट सोना 1,55,130 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,42,200 रुपये पर कारोबार कर रहा है। चेन्नई में 24 कैरेट का भाव सबसे अधिक 1,55,460 रुपये है और 22 कैरेट का भाव 1,42,500 रुपये है। इसके अलावा पटना और अहमदाबाद में 24 कैरेट सोना 1,55,180 व 22 कैरेट का भाव 1,42,250 रुपये पर है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के विश्लेषक जतिन त्रिवेदी का कहना है कि कमजोर डॉलर से सोने को सपोर्ट मिला है। जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के प्रणव मेर का मानना है कि शॉर्ट टर्म में सोने की चमक बढ़ सकती है और यह 1,57,000 रुपये तक जा सकता है। उन्होंने अनुमान जताया कि चांदी का भाव भी 2,80,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक जा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना शानदार तेजी के साथ रिकॉर्ड 4,480.90 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रहा है। वहीं हाजिर चांदी भी मजबूती के रुख के साथ 66.05 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई है। विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण भी निवेशक सोने-चांदी में निवेश बढ़ा रहे हैं।







