बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान का जन्म 12 अगस्त 1995 को मुंबई में हुआ। वह अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री अमृता सिंह की बेटी हैं। उनका परिवार फिल्मों से जुड़ा रहा है। हालांकि, फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा। बचपन से ही एक्ट्रेस बनने का सपना देखने वाली सारा ने अपने पिता सैफ की सलाह पर पहले पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में कदम रखा।
सारा अली खान ने साल 2018 में अभिषेक कपूर की फिल्म ‘केदारनाथ’ से बॉलीवुड डेब्यू किया। फिल्म में उनके साथ दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत नजर आए थे। सारा को इस फिल्म के लिए बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘केदारनाथ’ की शूटिंग के दौरान सारा ने रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंबा’ भी साइन कर ली थी।
केदारनाथ और सिंबा की शूटिंग डेट्स आपस में टकराने लगीं। इसका असर ‘केदारनाथ’ के शूटिंग शेड्यूल पर पड़ा। बताया गया कि इससे परेशान होकर निर्देशक अभिषेक कपूर ने सारा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की और कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने के बदले कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की। इस पूरे मामले से सारा काफी परेशान थीं। उन्होंने जब यह बात अपने पिता सैफ अली खान को बताई, तो सैफ और करण जौहर ने मामले को सुलझाने में मदद की।
सारा ने ‘सिंबा’ के प्रमोशन के दौरान बताया था कि उन्हें यह फिल्म आसानी से नहीं मिली थी। वह लगातार रोहित शेट्टी को मैसेज कर काम मांगती थीं। शुरुआत में उन्हें कोई जवाब नहीं मिला, लेकिन बाद में रोहित ने उन्हें ऑफिस बुलाया। वह अकेले ही रोहित शेट्टी के ऑफिस पहुंच गई थीं। उन्होंने बताया कि वह साधारण सलवार-कमीज पहनकर और बालों में जूड़ा बनाकर गई थीं। सारा ने रोहित के सामने हाथ जोड़कर उनसे फिल्म में काम देने की गुजारिश की थी।
सारा अली खान के लिए ‘सिंबा’ एक अहम मौका साबित हुई। उन्होंने माना था कि ‘केदारनाथ’ के दौरान उनके करियर में काफी उतार-चढ़ाव चल रहे थे और उस समय उन्हें खुद नहीं पता था कि आगे क्या होगा। ऐसे वक्त में रोहित शेट्टी ने उन पर भरोसा जताया। सारा का कहना था कि वह खुद को किसी एक तरह के किरदार या जॉनर तक सीमित नहीं रखना चाहतीं। वह अलग-अलग तरह की कहानियों और किरदारों में काम करना चाहती हैं।







