BREAKING

छत्तीसगढबड़ी खबरराज्य

यूथ कांग्रेस चुनाव में दो बड़े दावेदारों पर गिरी गाज: सत्येंद्र-शैलेंद्र का नामांकन होल्ड, 8 सितंबर तक जवाब मांगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में एक बार फिर विवाद सामने आया है। प्रदेश अध्यक्ष पद के दो प्रमुख दावेदार सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के नामांकन फिलहाल होल्ड कर दिए गए हैं। दोनों के खिलाफ पैसे देकर सदस्य बनाए जाने की शिकायत मिलने के बाद चुनाव कमेटी ने नोटिस जारी किया है।

चुनाव कमेटी ने दोनों उम्मीदवारों से 8 सितंबर 2026 की शाम 7 बजे तक लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में कहा गया है कि शिकायत में निजी एजेंसी के माध्यम से सदस्यों की सदस्यता कराए जाने का आरोप है। इसे चुनाव आचार संहिता के प्रावधानों के विपरीत बताया गया है।

जवाब के बाद होगा फैसला

कमेटी ने दोनों से पूछा है कि आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई क्यों न की जाए। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर माना जाएगा कि उम्मीदवार को अपने पक्ष में कोई आपत्ति या स्पष्टीकरण नहीं देना है और नियमों के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल दोनों की उम्मीदवारी रद्द नहीं हुई है। चुनाव कमेटी उनके जवाब और स्पष्टीकरण से संतुष्ट होती है या नहीं, इसके आधार पर आगे फैसला लिया जाएगा।

चुनाव ऐप से भी हटे नाम

नोटिस जारी होने के बाद दोनों दावेदारों के नाम चुनाव से जुड़े ऐप से हटाए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर संगठन के भीतर चर्चा और तेज हो गई है।

पहले से विवादों में है चुनाव प्रक्रिया

यूथ कांग्रेस चुनाव में इससे पहले भी प्रक्रिया और नियमों को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। 17 से 19 अगस्त तक प्रदेश प्रभारी स्मृति रंजन लेंका और चुनाव पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ का दौरा कर प्रभावित कार्यकर्ताओं से बातचीत की थी। इस दौरान चुनाव प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायतें सुनी गई थीं।

इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने चुनाव प्रक्रिया को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। उन्होंने 18 अगस्त को भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को पत्र लिखकर एक जिला-एक विधानसभा वाले जिलों में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव फिलहाल नहीं कराने की मांग की थी।

अब दो प्रमुख दावेदारों के नामांकन होल्ड होने के बाद सबकी नजर 8 सितंबर की शाम तक मिलने वाले जवाब और चुनाव कमेटी के अगले फैसले पर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts