BREAKING

छत्तीसगढबड़ी खबरराज्य

CG में पहली बार एक साथ 21 टाउन प्लानिंग अफसरों की नियुक्ति: CM साय बोले- आज की जरूरत नहीं, आने वाली पीढ़ियों के हिसाब से बनाएं शहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुनियोजित शहरी विकास को गति देने के लिए नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) की नियुक्ति की गई है। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास केवल वर्तमान जरूरतों के आधार पर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य गठन के 25 वर्षों में विभाग में अब तक कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी। पहली बार एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति से विभाग की कार्यक्षमता और प्रोफेशनल क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने अधिकारियों के माता-पिता और परिजनों को भी बधाई दी।

तेजी से बढ़ रहा शहरीकरण

CM साय ने कहा कि गांवों से शहरों की ओर आबादी बढ़ने और शहरों की सीमाओं के विस्तार के कारण टाउन प्लानिंग की जिम्मेदारी बढ़ रही है। आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों, सड़कों, परिवहन, सार्वजनिक स्थलों और जल निकासी जैसी सुविधाओं के लिए वैज्ञानिक और दीर्घकालीन योजना जरूरी है।

उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शे बनाने या भू-उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा असर नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता और शहरों के भविष्य पर पड़ता है। अधिकारियों को तकनीकी ज्ञान और नवाचार का उपयोग करते हुए जनहित में पारदर्शी तरीके से काम करने की सलाह दी।

ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा सरकारी नियुक्तियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर देने पर लगातार काम कर रही है। ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। पुलिस में 7 हजार से अधिक और शिक्षा विभाग में 3 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि 21 अधिकारियों की नियुक्ति से विभाग की प्रोफेशनल क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने अधिकारियों से भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता को अपनी कार्यशैली में भी बनाए रखने की अपील की।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान और ऊर्जा प्रदेश के सुनियोजित विकास को नई दिशा देगा। कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण समेत वरिष्ठ अधिकारी और नवचयनित अधिकारियों के परिजन मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts