BREAKING

खेलखेल जगतबड़ी खबर

विश्व एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप: डुप्लांटिस ने जीता पोल वॉल्ट खिताब

बुडापेस्ट।विश्व और ओलंपिक चैंपियन आर्मंड ‘मोंडो’ डुप्लांटिस ने शुक्रवार को विश्व एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए पोल वॉल्ट का खिताब अपने नाम किया। डुप्लांटिस ने 6.20 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर ग्रीस के अपने प्रमुख प्रतिद्वंद्वी इमैनुअल करालिस को पीछे छोड़ा।

अमेरिका में जन्मे स्वीडिश खिलाड़ी डुप्लांटिस चोट की चिंता के बीच हंगरी पहुंचे थे। पैर में खिंचाव दोबारा उभरने के बाद उन्होंने एहतियात के तौर पर ब्रसेल्स डायमंड लीग फाइनल से नाम वापस ले लिया था।

उनकी अनुपस्थिति में करालिस ने वहां खिताब जीता था, लेकिन बुडापेस्ट में डुप्लांटिस ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम किया। डुप्लांटिस और करालिस ने 5.60 मीटर की ऊंचाई से शुरुआत की और दोनों ने इसे आसानी से पार किया।

डुप्लांटिस ने 5.80 मीटर को छोड़ दिया, जबकि करालिस ने यह ऊंचाई पार कर ली। इसके बाद 5.95 मीटर की ऊंचाई भी डुप्लांटिस, करालिस, नॉर्वे के सोंद्रे गुट्टोर्मसेन, ऑस्ट्रेलिया के कर्टिस मार्शल और अमेरिका के जैकेरी ब्रैडफोर्ड ने पार की।

डुप्लांटिस 6.05 मीटर पार करने वाले पहले खिलाड़ी बने, लेकिन करालिस ने तीसरे प्रयास में इस ऊंचाई को पार कर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा।

इसके बाद 6.15 मीटर की ऊंचाई पर करालिस ने पहले प्रयास में सफलता हासिल कर डुप्लांटिस पर दबाव बनाया। हालांकि स्वीडिश खिलाड़ी ने भी इसे पार कर लिया।

इसके बाद बार को 6.20 मीटर तक बढ़ाया गया। करालिस इस ऊंचाई को पार नहीं कर सके, जबकि डुप्लांटिस ने इसे सफलतापूर्वक पार कर खिताब अपने नाम कर लिया। करालिस ने 6.20 मीटर को छोड़ दिया और 6.25 मीटर पर प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं रहे।

डुप्लांटिस ने इसके बाद 6.32 मीटर की ऊंचाई पर तीन प्रयास किए, लेकिन तीनों में असफल रहे। यह ऊंचाई पार करने पर वह अपना ही विश्व रिकॉर्ड एक सेंटीमीटर बेहतर कर सकते थे। उन्होंने इस सत्र में अपना विश्व रिकॉर्ड 6.31 मीटर तक पहुंचाया है।

खिताबी जीत के बाद डुप्लांटिस ने कहा, “यह शानदार था। मुझे बुडापेस्ट में प्रतिस्पर्धा करना बहुत पसंद है। पूरा शो शानदार था। आज रात मुकाबला बहुत मजेदार रहा।

थोड़ी ठंड थी, लेकिन मैंने इसका भरपूर आनंद लिया। आप सभी ने जो ऊर्जा दी, उसके लिए धन्यवाद। यह हम सभी के लिए लंबा सत्र रहा है।”

बुडापेस्ट के 20 हजार दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में डुप्लांटिस ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वह दो बार के ओलंपिक और तीन बार के विश्व चैंपियन हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts