BREAKING

बड़ी खबर

न टॉस हुआ, न मैच खेला गया, फिर भी बांग्लादेश पहुंचा सेमीफाइनल

एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट मुकाबलों में बारिश ने क्वार्टर फाइनल का पूरा समीकरण बदल दिया। बांग्लादेश और चीन के बीच होने वाला मुकाबला खराब मौसम और गीले मैदान के कारण शुरू ही नहीं हो सका। टॉस तक नहीं हुआ और अंत में मैच रद्द करना पड़ा।

नॉकआउट मुकाबला होने की वजह से दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम था। जीतने वाली टीम को सेमीफाइनल में जगह मिलनी थी, जबकि हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो जाता। लेकिन बारिश के कारण मुकाबला रद्द होने के बाद बेहतर सीडिंग वाली बांग्लादेश की टीम को अगले दौर में भेज दिया गया।

इस फैसले का सबसे बड़ा असर चीन की टीम पर पड़ा। चीन ने मुकाबला हारे बिना ही टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। वहीं बांग्लादेश को बिना मैदान पर उतरे सेमीफाइनल का टिकट मिल गया। नॉकआउट मुकाबलों के लिए बनाए गए नियमों के तहत ऐसी स्थिति में बेहतर वरीयता वाली टीम को फायदा मिलता है।

बांग्लादेश के लिए अब पदक जीतने का रास्ता खुला हुआ है। टीम सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंच सकती है और हारने की स्थिति में भी ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला खेलेगी। हालांकि, बिना क्वार्टर फाइनल खेले सीधे सेमीफाइनल में पहुंचने का एक दूसरा पहलू भी है। टीम को बड़े मुकाबले से पहले मैच प्रैक्टिस का मौका नहीं मिल पाएगा।

अब सभी की नजर पाकिस्तान और थाईलैंड के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टर फाइनल पर है। खास बात यह है कि यह मुकाबला भी उसी मैदान पर होना है, जहां बारिश के कारण बांग्लादेश और चीन का मैच नहीं हो सका।

भारतीय महिला टीम के लिए भी यह स्थिति अहम है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम को 18 सितंबर को जापान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल खेलना है। ऐसे में मैदान की स्थिति और मौसम पर सबकी नजर रहेगी। अगर बारिश ने इस मुकाबले में भी दखल दिया तो नॉकआउट नियम एक बार फिर टूर्नामेंट के समीकरण को प्रभावित कर सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts