BREAKING

छत्तीसगढराज्य

नशीली दवाओं के नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ सरस्वती नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कोटा क्षेत्र के वाटिका नगर रोड के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और सिरप के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 900 नग निट्रोसन (Nitrosun) टैबलेट, 77 शीशी ऑनरेक्स (ONEREX) सिरप और 4,200 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा मामले से संबंधित बुलेट वाहन क्रमांक CG 04 KS 8663 को भी जब्त किया गया है। जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को सरस्वती नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटा स्थित वाटिका नगर रोड के पास तीन व्यक्ति दोपहिया वाहन से प्रतिबंधित नशीली दवाएं लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान आर्यन खान उर्फ रूशान खान (23), सलमान खान (19) और शेख युसुफ (40) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास रखी बोरियों से नशीली टैबलेट और प्रतिबंधित सिरप बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन दवाओं की बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 201/26, धारा 21(सी), 22(ग), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

सप्लायर और नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से नशीली दवाओं की खरीद, सप्लायर और बिक्री नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की अवैध खरीदी-बिक्री, परिवहन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts