लखनऊ। दिवाली के त्योहार पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 1.89 करोड़ परिवारों के लिए मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल योजना के तहत करीब 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि जारी की है। यह रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है।
सरकार के इस फैसले से खासतौर पर गरीब और कम आय वाले परिवारों को राहत मिलेगी। त्योहार के दौरान रसोई गैस पर होने वाले खर्च का बोझ कम होने से लाखों महिलाओं को फायदा पहुंचेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जरिए गरीब परिवारों की रसोई तक स्वच्छ ईंधन पहुंचाने का काम किया गया है। इससे माताओं और बहनों को बेहतर स्वास्थ्य, सुविधा और सम्मान मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीब परिवारों को राहत देना और उनके जीवन को आसान बनाना है। दिवाली के अवसर पर जारी की गई यह सहायता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल की सुविधा उपलब्ध करा रही है। इस पहल का उद्देश्य गरीब परिवारों को महंगाई से राहत देने के साथ स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।









