रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख क्षेत्र से जुड़े 11 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें तीन डिप्लोमा और आठ स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रोजगार के नए अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।
डिप्लोमा स्तर पर एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, डायलिसिस टेक्नोलॉजी और मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ फिजिशियन एसोसिएट्स, हेल्थ इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट, मेडिकल रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग टेक्नोलॉजी, एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी, डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी, ऑप्टोमेट्री तथा मेडिकल लेबोरेटरी साइंस के पाठ्यक्रम शामिल हैं।
इन पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्राप्त कर विद्यार्थी अस्पतालों, चिकित्सा प्रयोगशालाओं, रक्त बैंकों, रेडियोलॉजी केंद्रों, डायलिसिस इकाइयों और नेत्र चिकित्सा संस्थानों में कार्य करने के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता हासिल कर सकेंगे।
रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग के क्षेत्र में एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांच सेवाओं में रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। मेडिकल लेबोरेटरी साइंस के विद्यार्थी पैथोलॉजी, ब्लड बैंक और शोध प्रयोगशालाओं में सेवाएं दे सकते हैं। इसी तरह एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी के प्रशिक्षित युवाओं के लिए ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू और आपातकालीन विभाग में कार्य के अवसर हैं। डायलिसिस और ऑप्टोमेट्री के क्षेत्र में भी अस्पतालों एवं विशेष चिकित्सा केंद्रों में रोजगार की संभावनाएं हैं।
प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, शुल्क और प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ चिकित्सा शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://cgdme.in/ पर जारी अधिसूचनाओं का अवलोकन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन जमा करने और शुल्क भुगतान से पहले आधिकारिक दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।









