BREAKING

बड़ी खबर

हवाई किरायों पर मचे बवाल के बीच CTI ने सरकार को लिखी चिट्ठी, रखीं 5 बड़ी मांगें

त्योहारों और शादियों के सीजन के बीच हवाई किरायों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस मुद्दे को लेकर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु को पत्र लिखकर विमान कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है। CTI चेयरमैन बृजेश गोयल का कहना है कि बढ़ते हवाई किरायों का असर सिर्फ व्यापारियों पर ही नहीं, बल्कि मध्यम वर्ग और आम जनता पर भी पड़ रहा है।

छठ और शादी सीजन में बढ़े किरायों से यात्री परेशान

बृजेश गोयल के मुताबिक, 20 नवंबर से शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। वहीं, छठ पर्व के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटना चाहते हैं। ऐसे में यात्रियों की मांग बढ़ने के साथ हवाई किरायों में भी भारी उछाल देखने को मिल रहा है। कई लोग टिकटों की ऊंची कीमतों के कारण यात्रा का प्लान तक टालने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए विमान कंपनियों द्वारा मनमाना किराया वसूलना आम यात्रियों की जेब पर भारी पड़ रहा है। सरकार को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।

CTI सर्वे में सामने आई किरायों में भारी बढ़ोतरी

CTI के सर्वे के अनुसार, दिल्ली से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए हवाई किराया कुछ ही दिनों में लगभग दोगुना हो गया है। बृजेश गोयल ने बताया कि जिन रूटों पर पहले आधे किराये में टिकट मिल रहे थे, वहां अब यात्रियों को काफी ज्यादा रकम चुकानी पड़ रही है।

दिल्ली से विभिन्न शहरों का मौजूदा हवाई किराया:

हवाई रूटमौजूदा किराया
दिल्ली–पटना18,000 रुपये
दिल्ली–दरभंगा20,000 रुपये
दिल्ली–मुंबई15,000 रुपये
दिल्ली–बेंगलुरु16,000 से 18,000 रुपये
दिल्ली–अहमदाबाद11,000 रुपये
दिल्ली–हैदराबाद11,000 से 15,000 रुपये

CTI का कहना है कि इतनी तेजी से किरायों में बढ़ोतरी यात्रियों के लिए आर्थिक बोझ बन रही है। संगठन ने सरकार से विमानन क्षेत्र में किराया नियंत्रण और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

CTI ने सरकार के सामने रखीं ये 5 मांगें

1. हवाई किरायों पर नियंत्रण लगाया जाए: CTI ने मांग की है कि त्योहारों और शादी के सीजन में यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूलने वाली एयरलाइंस पर लगाम लगाई जाए।

2. हर रूट के लिए अधिकतम किराया तय हो: संगठन ने सभी प्रमुख हवाई मार्गों पर किराये की अधिकतम सीमा यानी अपर कैप निर्धारित करने की मांग की है, ताकि कोई भी एयरलाइन तय सीमा से अधिक कीमत न वसूल सके।

3. दूरी के हिसाब से किराया निर्धारित हो: CTI के मुताबिक, टिकटों की कीमत तय करने के लिए पारदर्शी फॉर्मूला होना चाहिए। 500 किलोमीटर और 1500 किलोमीटर की उड़ान का किराया एक जैसा नहीं हो सकता। किराया तय करते समय दूरी और किलोमीटर को आधार बनाया जाना चाहिए।

4. व्यस्त रूटों पर उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाए: दिल्ली-पटना, दिल्ली-दरभंगा, दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-बेंगलुरु जैसे व्यस्त मार्गों पर उड़ानों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की मांग की गई है। CTI का कहना है कि यात्रियों की मांग के मुकाबले उड़ानों की संख्या कम होने से भी किरायों पर दबाव बढ़ता है।

5. नई एयरलाइंस को बाजार में आने का मौका मिले: CTI ने प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए 2-3 नई एयरलाइंस शुरू करने की मांग की है। संगठन का मानना है कि बाजार में ज्यादा कंपनियां होने से यात्रियों को विकल्प मिलेंगे और किरायों को कम रखने में मदद मिल सकती है।

CTI ने केंद्र सरकार से इन मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन में आम लोगों को हवाई यात्रा के लिए अत्यधिक कीमत न चुकानी पड़े।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts