BREAKING

बड़ी खबर

अखिलेश के रोड शो में 12 साल के बच्चे की मौत, योगी ने सपा को घेरा

लखनऊ/गोरखपुर। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने समाजवादी पार्टी को गुंडागर्दी और अराजकता का पर्याय बताते हुए कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक मासूम बच्चा पढ़ने के लिए आया था, लेकिन रोड शो के दौरान फैली अराजकता के कारण उसकी जान चली गई। उन्होंने ऐलान किया कि वह शाम को पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सीएम योगी ने कहा, “उस 12-13 साल के मासूम की गलती क्या थी?” उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए माफिया और गुंडों को पार्टी का संरक्षण मिलने का आरोप लगाया।

सपा शासनकाल का जिक्र कर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले के सपा शासनकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में वन माफिया और खनन माफिया सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि सपा ने जनता को धोखा दिया और उसका शोषण किया। योगी के मुताबिक, उनकी सरकार ने प्रदेश में गुंडागर्दी पर लगाम लगाई थी और अब अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ फिर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गोरखपुर की घटना के बाद भी विपक्ष के कुछ नेताओं ने संवेदना तक व्यक्त नहीं की।

अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती

अपने संबोधन में सीएम योगी ने अखिलेश यादव को सीधे चुनौती देते हुए कहा, “चलो नामांकन कर लो अयोध्या से, आमने-सामने कर ही लिया जाए।” उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कमजोर व्यक्ति सामने से नहीं, बल्कि पीछे से वार करते हैं।

इस दौरान उन्होंने भगवान राम का जिक्र करते हुए भी विपक्ष पर निशाना साधा।

ओवैसी पर भी किया कटाक्ष

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हैदराबाद से आए एक मौलाना का जिक्र करते हुए विपक्षी राजनीति पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग प्रदेश में माहौल खराब कर जबरन जनता का वोट हासिल करना चाहते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें लगातार खारिज कर रही है।

अखिलेश के रोड शो में कैसे हुई थी 12 वर्षीय बच्चे की मौत?

दरअसल, बुधवार को अखिलेश यादव ने गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। इसी दौरान कूड़ाघाट इलाके में रोड शो में शामिल एक जेसीबी की चपेट में आने से 12 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। वह चौरीचौरा क्षेत्र के राजधानी गांव का रहने वाला था।

परिजनों का आरोप है कि रोड शो के दौरान जिस जेसीबी से फूल बरसाए जा रहे थे, उसी की टक्कर से बच्चे की जान गई। हादसे के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर प्रदर्शन भी किया था।

उधर, अखिलेश यादव ने घटना पर कहा था कि उन्हें हादसे की जानकारी नहीं है। उन्होंने रोड शो के दौरान प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।

पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर के मुताबिक, इस मामले में पांच सपा नेताओं समेत 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts