मुंबई । अभिनेत्री आलिया भट्ट अपनी आगामी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग में व्यस्त चल रही हैं। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर और विक्की कौशल भी मुख्य किरदारों में हैं। हाल ही में, एक कार्यक्रम के दौरान आलिया ने फिल्म को लेकर बात की और उससे जुड़ा एक अपडेट साझा किया। आलिया ने भंसाली संग करने के अनुभव पर भी बात की और इस सफर को “जादुई” बताते हुए आभार व्यक्त किया।
आलिया ने मिलान फैशन वीक में अपनी उपस्थिति से खूब चर्चा बटोरी। इस दौरान वोग इटालिया संग बातचीत में अभिनेत्री ने अपनी वर्तमान की परियोजना के बारे में खुलासा किया। उन्होंने कहा, मैं फिलहाल ‘लव एंड वॉर’ नाम की एक फिल्म पर काम कर रही हूं। इसका निर्देशन संजय लीला भंसाली कर रहे हैं। शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। यह एक बेहद जादुई अनुभव रहा है। ‘लव एंड वॉर’ बॉलीवुड की सबसे चर्चित आगामी परियोजनाओं में से एक है।
भंसाली के साथ दोबारा जुड़ने पर आलिया ने कहा, संजय सर के साथ काम करना जीवन में एक बार मिलने वाला अनुभव है और मैं बहुत आभारी हूं कि मुझे यह मौका मिला। दरअसल, फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के बाद यह दूसरा मौका है, जब आलिया को दोबारा भंसाली की फिल्म में जुड़ने का मौका मिला है। पहले यह फिल्म 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे 2027 तक के लिए खिसका दिया गया है।









