लखनऊ: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज और भारतीय खिलाड़ी यश दयाल एक बड़ी परेशानी में फंस गए हैं। गाजियाबाद की एक महिला ने उन पर शादी का वादा करके शारीरिक संबंध बनाने और धोखा देने का आरोप लगाया है। महिला ने यश के खिलाफ पुलिस में शिकायत (FIR) दर्ज करवाई है।
हाल ही में यश दयाल ने आईपीएल 2025 में RCB के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और टीम को खिताब जिताया था। अब यश ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए प्रयागराज पुलिस में उसी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने महिला पर चोरी का आरोप लगाया है, जिसमें कहा गया है कि उसने उनका आईफोन और लैपटॉप चुराया है। 27 साल के यश दयाल ने प्रयागराज के खुल्दाबाद थाने में महिला के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है।
एनडीटीवी के रिपोर्ट के मुताबिक कहा गया है कि शिकायत में यश ने साफ तौर पर महिला पर झूठे आरोप लगाने और सामान चुराने का आरोप लगाया है। इसके बाद यश दयाल ने प्रयागराज पुलिस को यह भी बताया कि 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए उनकी महिला से जान-पहचान हुई थी, जिसके बाद वे एक-दूसरे से बातचीत करने लगे। दयाल ने यह भी आरोप लगाया है कि महिला ने अपने और अपने परिवार के इलाज के बहाने उनसे लाखों रुपये उधार लिए थे और उन्हें चुकाने का वादा किया था, लेकिन आज तक ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने यह भी दावा किया है कि महिला ने खरीदारी के लिए उनसे बार-बार पैसे उधार लिए। इसके बाद उन्होंने कहा कि वो जो दावा कर रहे हैं, उसका सबूत उनके पास है। दयाल ने यह भी कहा कि जब उन्हें पता चला कि महिला ने उनके खिलाफ गाजियाबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, तो उन्होंने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया। तेज गेंदबाज यश दयाल ने उस महिला, उसके परिवार के दो सदस्यों और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ तीन पन्नों की शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
वहीं, उस महिला ने यश दयाल के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में केस दर्ज कराया है। उसने आरोप लगाया है कि यश ने शादी का झूठा वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत दर्ज किया गया है। महिला ने पहले 21 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ऑनलाइन शिकायत भेजी थी। उसने बताया कि वह पिछले पांच साल से यश के साथ रिश्ते में थी और इस दौरान उसका शारीरिक शोषण हुआ। अब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कानूनी कदम उठाए हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।