BREAKING

छत्तीसगढराज्य

प्रदेश के कारखानों में बढ़ती घातक दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता: मो. सिद्दीक ने श्रम आयुक्त से की सख्त कार्रवाई की मांग

प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लगातार हो रहे हादसों को लेकर असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मो. सिद्दीक ने छत्तीसगढ़ राज्य श्रम आयुक्त, मंत्रालय नवा रायपुर को एक ज्ञापन सौंपकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पत्र के माध्यम से उन्होंने कारखानों में बढ़ती श्रमिक मृत्यु दर पर अंकुश लगाने और दोषी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश में हालिया हादसों का हवाला देकर
ज्ञापन में रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मंगल कार्बन फैक्ट्री में हुए हालिया भीषण हादसे का प्रमुखता से उल्लेख किया गया है। इस हृदय विदारक घटना में 03 पुरुष श्रमिकों सहित एक 09 माह की मासूम बच्ची की जान चली गई। मो. सिद्दीक ने आरोप लगाया कि:

  • कंपनी प्रबंधन मृतकों के परिजनों पर बयान बदलने का दबाव बना रहा है।
  • घायल महिला श्रमिक (जो 60% जल चुकी हैं) की बच्ची उसके साथ फैक्ट्री में ही थी, जबकि प्रबंधन इसे ‘टिफिन छोड़ने आने’ की कहानी बनाने की कोशिश कर रहा है।
    इसके अलावा, पत्र में बकुलाही (बलौदा बाजार) के स्पंज आयरन प्लांट में 06 मौतें, गोदावरी इस्पात (रायपुर) में 06 मौतें और शारदा एनर्जी में हुई दुर्घटनाओं का भी जिक्र किया गया है।
    प्रमुख मांगें:
  • कठोर निर्देश: कारखानों में सुरक्षा उपकरणों (Safety Gear) की समुचित व्यवस्था अनिवार्य की जाए।
  • कारखाना बंदी की चेतावनी: सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों को तत्काल बंद करने का आदेश जारी हो।
  • लेबर सेफ्टी विंग की जवाबदेही: सेफ्टी विंग के अधिकारी नियमित अंतराल पर कारखानों की औचक जांच करें।
  • दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई: कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले लेबर सेफ्टी विभाग के कर्मचारियों को तत्काल पदमुक्त किया जाए। “श्रमिकों की जान की कीमत पर औद्योगिक विकास स्वीकार्य नहीं है। यदि श्रम विभाग ने सुरक्षा मानकों को लेकर सख्त रुख नहीं अपनाया, तो भविष्य में ऐसी और भी निर्दोष जानों का नुकसान हो सकता है।” मोहम्मद सिद्दीक़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ,श्रम विभाग आगे इस प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाते है तो हम बड़ा आन्दोलन करने के लिए बाध्य रहेंगे ! ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ,असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव राजेश त्रिवेदी ,शरद गुप्ता,प्रद्युम्न शर्मा मौजूद रहे !!

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts