बेदाग और चमकती त्वचा के लिए आजकल कोरियन ब्यूटी ट्रेंड्स का बोलबाला है। इनमें सबसे खास है राइस वाटर यानी चावल का पानी। लेकिन क्या यह वाकई काम करता है या सिर्फ एक मिथक है। स्किन एक्सपर्ट्स और सदियों पुराने नुस्खे बताते हैं कि यह पानी किसी जादू से कम नहीं है।
चावल के पानी में विटामिन बी, सी, ई और मिनरल्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इसमें मौजूद फेरुलिक एसिड एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है जो त्वचा को सूरज की किरणों से होने वाले नुकसान से बचाता है। साथ ही, यह त्वचा के खुले रोमछिद्रों को कसने और रंगत को निखारने में मदद करता है।
राइस वाटर टोनर
चावल को आधे घंटे भिगोकर उसके पानी को छान लें। इसे एक स्प्रे बोतल में भरें और चेहरे को धोने के बाद टोनर की तरह इस्तेमाल करें। अगर आप इसे 1-2 दिन के लिए बाहर छोड़ दें तो इसके पोषक तत्व और बढ़ जाते हैं।
फेस पैक के साथ
बेसन या मुल्तानी मिट्टी में साधारण पानी की जगह चावल का पानी मिलाएं। यह फेस पैक चेहरे की गहराई से सफाई करता है और प्राकृतिक निखार लाता है।
आइस क्यूब मसाज
चावल के पानी को आइस ट्रे में जमा लें। सुबह उठने के बाद एक राइस वाटर क्यूब से चेहरे की मसाज करें। यह पफीनेस (सूजन) को कम करता है और इंस्टेंट ग्लो देता है।
कितने दिनों में दिखता है असर
स्किन केयर विशेषज्ञों के अनुसार किसी भी प्राकृतिक नुस्खे का असर रातों-रात नहीं दिखता। अगर आप रोजाना दिन में दो बार चावल के पानी का उपयोग करते हैं तो 7 से 10 दिनों के भीतर आपको अपनी त्वचा की बनावट में सुधार और हल्का ग्लो नजर आने लगेगा। दाग-धब्बे कम होने में कम से कम 3-4 हफ्ते का समय लग सकता है।
सावधानी भी है जरूरी
- अगर आपकी स्किन बहुत ज्यादा ड्राई है तो चावल के पानी के बाद मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं।
- चेहरे पर लगाने से पहले एक बार पैच टेस्ट अवश्य करें।
- चावल को भिगोने से पहले उसे अच्छी तरह धो लें ताकि कीटनाशक या गंदगी निकल जाए।









