BREAKING

छत्तीसगढराज्य

 नक्सल मुक्त बीजापुर में विकास को मिलेगी नई रफ्तार, कलेक्टर संबित मिश्रा ने अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं नई रणनीति के साथ पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करने की दी समझाइश

बीजापुर. 31 मार्च 2026 को जिले के नक्सल मुक्त होने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अब बीजापुर के विकास को नई दिशा देने का समय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों तक अब तक प्रशासन की पहुंच सीमित थी। वहां अब तेजी से पहुंच बनाकर शासकीय योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी।
    कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नए जोश, नई रणनीति और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर अधिक से अधिक दौरा कर वास्तविक आवश्यकताओं के आधार पर विकास की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही व्यक्तिमूलक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
    कलेक्टर श्री मिश्रा ने शासन की सभी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि नागरिकों को दस्तावेजों के संबंध में पूरी और सही जानकारी दी जाए, ताकि वे योजनाओं का लाभ सहजता से ले सकें।
ग्रामीण विकास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि गांवों में मूलभूत आवश्यकताओं और प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्यों को ग्रामसभा में अनुमोदित कराया जाए जिससे पारदर्शिता के साथ कार्यों को स्वीकृति मिल सके और विकास योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू हों।
    पश्चिम देशों में उत्पन्न वैश्विक संकट के संदर्भ में कलेक्टर ने अधिकारियों को सतर्क रहते हुए जिले में किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग पारदर्शिता के साथ आमजन को जागरूक करें, ताकि अफवाहों पर नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने दोहराया कि जिले की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts