उत्तर बस्तर कांकेर, आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के सफल संचालन एवं व्यापक तैयारी को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव कुमार टामक द्वारा जिला न्यायालय कांकेर के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय बैठक ली गई। उक्त बैठक में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर तथा पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा उपस्थित रहे।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा उक्त बैठक में डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम कमेटी के अंतर्गत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए आवश्यक प्रशासनिक, तकनीकी एवं विधिक व्यवस्थाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण, संबंधित विभागों के समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी सहयोग एवं जनसामान्य को सूचना-प्रसार सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा नेशनल लोक अदालत का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराने निर्देशित किया गया। इस अवसर पर प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश कांकेर श्रीमती विभा पांडे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री भास्कर मिश्र तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती शांति प्रभु जैन सहित कार्यपालन अभियंता, कोर्ट मैनेजर एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।









