केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज रविवार, 1 फरवरी को संसद में बजट पेश किया। यह बजट इस लिए ऐतिहासिक था कि पहली बार रविवार को देश का आम बजट पेश हुआ। इस मौके पर विशेष ट्रेडिंग के लिए बीएसई, एनएसई और एमसीएक्स ओपेन रहे। हालांकि, रविवार का बजट निवेशकों के लिए अशुभ साबित हुआ।
वित्त मंत्री के बजट भाषण के दौरान सेंसेक्स 2000 अंक टूट गया। वहीं एनएसई निफ्टी में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि छुट्टी के दिन देश का बजट पेश होना और शेयर मार्केट में ट्रेडिंग का फैसला शुभ नहीं है।
शेयर मार्केट में बड़ी गिरावट
यूनियन बजट 2026 के मौके पर विशेष ट्रेडिंग के दौरान भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। निफ्टी 50 इंडेक्स 25,333.75 पर खुला, जिसमें 13.10 अंकों या 0.05 परसेंट की मामूली बढ़त दर्ज की गई। जबकि BSE सेंसेक्स 82,445.97 पर खुला, जो 176.19 अंकों या 0.21 परसेंट ऊपर था। हालांकि, बजट पेश होने के बाद शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई। सेंसेक्स में 2000 अंकों की बड़ी गिरावट आई। इससे शेयर बाजार में अफरा-तफरी का माहौल है।
फ्यूचर ट्रेड पर बढ़ा STT
अपने बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि फ्यूचर ट्रेड पर STT को 0.02 परसेंट से बढ़ाकर 0.05 परसेंट किया जाएगा। इसके अलावा, FM ने ऑप्शंस प्रीमियम पर STT को 0.1 परसेंट से बढ़ाकर 0.15 परसेंट करने का प्रस्ताव दिया। इसका शेयर बाजार पर बुरा असर पड़ा। ब्रॉडर मार्केट भी निचले स्तर पर ट्रेड करते दिखे। निफ्टी मिडकैप 100 में 2.7 परसेंट की गिरावट आई और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 3.4 परसेंट की गिरावट दर्ज की गई है।
बजट भाषण के बीच निफ्टी-सेंसेक्स धड़ाम
शेयर बाजार में 12:15 के आसपास तेज गिरावट लौटती दिखाई दी। बजट भाषण के बीच ही सेंसेक्स 800 अंकों से ज्यादा गिरकर 81,420 के लेवल पर पहुंच गया था। इंडेक्स अपने डे हाई से 1200 अंकों से ज्यादा के नुकसान पर था। वहीं, निफ्टी 300 अंक गिरकर 25,018 के पास पहुंच गया था। बैंक निफ्टी में भी 700 अंकों से ज्यादा की गिरावट थी। इंडेक्स अपने इंट्राडे हाई से 900 अंकों से ज्यादा नीचे था। हालांकि, कुछ देर बाद ही मार्केट पूरी तरह से क्रैश हो गया।
सोने-चांदी में भी आई बड़ी गिरावट
बजट के दिन शेयर बाजार के साथ कमोडिटी मार्केट एमसीएक्स पर भी ट्रेडिंग जारी रही और ओपनिंग के साथ ही दोनों कीमती धातुएं धड़ाम हो गईं। बाजार खुलते ही चांदी की कीमतों में सबसे बड़ा झटका लगा। 1 किलो चांदी का भाव अचानक 27,000 रुपये तक टूट गया, जिससे निवेशकों में हड़कंप मच गया। वहीं, सोना भी इस गिरावट से अछूता नहीं रहा और सोने के दाम में 13,000 रुपये से ज्यादा की तेज गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय बजट 2026-27 से पहले रविवार को वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में 9 प्रतिशत तक की गिरावट आई।









