BREAKING

छत्तीसगढराज्य

आशा भोसले के निधन पर केंद्रीय मंत्रियों ने जताया दुख, कहा-‘उन्होंने भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई

 नई दिल्ली।   संगीत जगत की महान हस्ती आशा भोसले के निधन पर, केंद्रीय मंत्रियों ने दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई और उनके अमर गीत सदैव हमारे हृदय में गूंजते रहेंगे। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “भारतीय सिनेमा जगत की स्वर सम्राज्ञी, अद्वितीय एवं बहुमुखी प्रतिभा की धनी आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।”

केंद्रीय मंत्री ने आगे लिखा,”आठ दशकों से अधिक समय तक लगभग 12,000 से भी अधिक गीतों के माध्यम से अपने सुरों से पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध करने वाली आशा ताई ने भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई। उनके अमर गीत सदैव हमारे हृदय में गूंजते रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों और असंख्य प्रशंसकों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।”

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आशा भोसले जी ने दशकों तक भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। यह क्षण उनके परिवार, कला जगत से जुड़े सभी लोगों और करोड़ों प्रशंसकों के लिए अत्यंत भावुक और अपूरणीय क्षति का है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मधुर वाणी और अद्वितीय गायकी की प्रतिमूर्ति दीदी आशा भोसले जी ने दशकों तक भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी आवाज केवल सुरों का संगम नहीं, बल्कि भावनाओं का ऐसा अनकहा रिश्ता है जिसे शब्दों में बांध पाना संभव नहीं है। एक ऐसा जुड़ाव जो हर दिल में सदा जीवित रहेगा। उनके गाए गीत आने वाली पीढ़ियों तक यूं ही गूंजते रहेंगे।”

उन्होंने आगे लिखा कि यह क्षण उनके परिवार, कला जगत से जुड़े सभी लोगों और करोड़ों प्रशंसकों के लिए अत्यंत भावुक और अपूरणीय क्षति का है। मैं सभी के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मां सरस्वती दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।” केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि आशा भोसले जी के निधन से गहरा दुख हुआ। वे भारतीय सिनेमा की सबसे सफल, लोकप्रिय और प्रतिभाशाली गायिकाओं में से एक थीं, जिनकी मनमोहक धुनों ने संगीत प्रेमियों की कई पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मैं उनके परिवार और मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts