BREAKING

खेलदेशबड़ी खबर

सुनील गावस्कर और कपिल देव की बढ़ीं मुश्किलें, दर्ज हुई FIR, इमरान खान के लिए लिखी थी चिट्ठी

नागपुर के बजाजनगर पुलिस स्टेशन में भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज होने के बाद शहर का सियासी और खेल गलियारा गरमा गया है। शिकायतकर्ता ने इन दिग्गजों पर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थन में हस्ताक्षर करने का आरोप लगाते हुए इसे ‘राष्ट्रहित’ के विरुद्ध बताया है।

नागपुर में बजाजनगर पुलिस स्टेशन में एक स्थानीय नागरिक द्वारा बुधवार को पूर्व भारतीय क्रिकेटरों सुनील गावस्कर और कपिल देव के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

शिकायतकर्ता दीपक कानेटकर ने आरोप लगाया है कि दोनों पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थन में हस्ताक्षर किए जिससे देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में कहा गया है कि इमरान खान भारत के प्रति पूर्व में विवादित बयान देते रहे हैं।

ऐसे व्यक्ति के प्रति सहानुभूति प्रकट करना राष्ट्रहित के विरुद्ध है। आवेदक का आरोप है कि वर्तमान भारतीय खिलाड़ी जहां पाकिस्तान के खिलाड़ियों से दूरी बनाए रखते हैं, वहीं देश के सम्मानित पूर्व क्रिकेटर जिन्हें पद्मभूषण जैसे राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हैं, उनका यह कदम अनुचित है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस व संबंधित प्राधिकरणों से मांग की है कि दोनों क्रिकेटरों की क्रिकेट संबंधी गतिविधियों पर आजीवन प्रतिबंध लगाने, टीवी कमेंट्री व सार्वजनिक मंचों से दूर रखने तथा उनके नाम पर बने स्टेडियम या स्मृति चिह्नों की समीक्षा करने के साथ ही भारत सरकार से पद्मभूषण सम्मान वापस लेने और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाए।

शिकायत की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय, महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस महानिरीक्षक मुंबई तथा पुलिस आयुक्त नागपुर को भी भेजी गई है।

आपको बताते चलें, कि इमरान खान की सेहत के लिए 14 पूर्व क्रिकेटरों ने खत लिखा था। इनमें कपिल देव, स्टीव वॉ, जॉन राइट, माइकल एथरटन, सुनील गावस्कर, एलन बॉर्ड, माइकल ब्रियरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गॉवर, किम ह्यूजेस, नासिर हुसैन, सर क्लाइव लॉयड का नाम शामिल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts