BREAKING

छत्तीसगढबड़ी खबरराज्य

कांकेर में ओवरटेक को लेकर बवाल: कांग्रेस विधायक के बेटे पर बस ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट का आरोप

कांकेर। कांकेर में ओवरटेक को लेकर शनिवार देर रात विवाद हो गया। कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी के बेटे और जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमन मंडावी पर बस ड्राइवर और कंडक्टर से मारपीट करने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर दोनों पक्षों के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। हालांकि, मामले में अब तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

बस ड्राइवर नीलम सिन्हा के मुताबिक, शनिवार देर रात वह बस लेकर मस्जिद चौक से गुजर रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करने को लेकर कार सवार कुछ युवकों ने बस को रोक लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। ड्राइवर का आरोप है कि युवक शराब के नशे में वाहन चला रहा था।

घटना के बाद सामने आए वीडियो में बस ड्राइवर एक युवक की ओर इशारा करते हुए अपनी बात बताता नजर आ रहा है। वीडियो में सड़क पर दोनों पक्षों के बीच बहस और विवाद भी दिखाई दे रहा है।

पुलिस अमन को थाने लेकर गई

विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अमन मंडावी को थाने लेकर गई थी। इसके बाद सुबह उन्हें छोड़ दिया गया। सामने आए वीडियो में पुलिस दोनों पक्षों को थाने आकर शिकायत दर्ज कराने के लिए कहती हुई नजर आ रही है।

दोनों पक्षों ने नहीं की शिकायत

कांकेर कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने बताया कि विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों को समझाइश दी गई और शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया गया। हालांकि, किसी भी पक्ष ने अब तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह विवाद चर्चा में है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts