BREAKING

खेलखेल जगतबड़ी खबर

टी20 एशिया कप में महिला टीम की जीत पर राष्ट्रपति ने दी बधाई

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को महिला टी20 एशिया कप 2026 का खिताब जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘एक्स’ पर कहा कि भारतीय महिला टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबले जीते और देश का मान बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत बताते हुए भविष्य में भी सफलता की नई कहानियां रचने की शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति ने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के लिए जूनियर पुरुष और महिला हॉकी टीमों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों का समर्पण, अनुशासन और टीम भावना देश के लिए गौरव का विषय है।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में भारतीय महिला खिलाड़ियों की जीत का सिलसिला, बेहतरीन टीम वर्क और अटूट संकल्प देश का मान बढ़ाने वाला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि अनगिनत युवाओं को बड़े सपने देखने, खेलों को अपनाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

उन्होंने जूनियर महिला हॉकी टीम को एशिया कप का खिताब बरकरार रखने और पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहने के लिए भी बधाई दी। जूनियर पुरुष हॉकी टीम की फाइनल में 4-1 की जीत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों का कौशल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प प्रेरणादायक है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय महिला टीम को एशिया कप जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि यह भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम का आत्मविश्वास, निरंतरता और शानदार जज्बा देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह जीत देशभर के लाखों युवाओं को खेलों से जुड़ने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारतीय महिला टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच गंवाए बिना खिताब जीता और आठवीं बार एशिया कप अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि हर मुकाबले में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना के साथ खेलते हुए महिला क्रिकेटरों ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन किया।

बिरला ने कहा कि यह जीत केवल एक ट्रॉफी तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की बेटियों की शक्ति, मेहनत और सपनों की जीत है। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों की यह उपलब्धि युवाओं, विशेषकर बेटियों को बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने और लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब जीता। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट का अपना आठवां खिताब हासिल किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पिछले संस्करण के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का भी हिसाब चुकता कर दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts