BREAKING

बड़ी खबर

पेट्रोल-डीजल और ATF पर मोदी सरकार ने बढ़ाया टैक्स, जानिए अब आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर

मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव और युद्ध की आशंका ने वैश्विक ऊर्जा बाजार में खलबली मचा दी है। कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में आए जोरदार उछाल के बीच भारत सरकार ने एक महत्वपूर्ण आर्थिक फैसला लेते हुए डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में तगड़ी बढ़ोतरी करने का आदेश जारी किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार ने डीजल के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स को 8.5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर सीधे 15.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। इसी तरह, हवाई ईंधन यानी ATF पर इस टैक्स को 7.5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 14.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।

टैक्स की ये बढ़ी हुई दरें गुरुवार, 16 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई हैं। हालांकि, निर्यातकों को एक मोर्चे पर राहत भी मिली है सरकार ने पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में 4 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है।

सरकार समय-समय पर वैश्विक हालातों और कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर विंडफॉल टैक्स की समीक्षा करती है। वर्तमान में अमेरिका और ईरान के बीच जंग तेज होने से कच्चे तेल की कीमतों में भारी अस्थिरता देखी जा रही है। इससे पहले जुलाई में जब स्थितियां थोड़ी शांत हुई थीं, तब सरकार ने पेट्रोल पर टैक्स बढ़ाया था और डीजल-एटीएफ पर कम किया था लेकिन अब स्थिति उलट गई है। इस टैक्स का मुख्य उद्देश्य घरेलू बाजार में ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना और तेल कंपनियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय कीमतों का बेतहाशा लाभ उठाने पर अंकुश लगाना है।

आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि विंडफॉल टैक्स में इस बढ़ोतरी का पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले तेल के दामों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यह टैक्स केवल तेल शोधन कंपनियों और उनके द्वारा किए जाने वाले निर्यात पर लागू होता है। इसलिए, आम आदमी के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतें फिलहाल स्थिर बनी रहेंगी।

16 जुलाई 2026 को देश के प्रमुख शहरों में ईंधन की कीमतें स्थिर रहीं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत ₹111.21 प्रति लीटर और डीजल ₹97.83 प्रति लीटर है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल 113.48 रुपये और चेन्नई में 107.78 रुपये प्रति लीटर की दर पर उपलब्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts