BREAKING

छत्तीसगढराज्य

 मेचका में जनभागीदारी की अनूठी मिसाल

  • ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मुचकुंद ऋषि पर्वत पर चला स्वच्छता अभियान
  • एक माह में पहुंचे 5,500 से अधिक पर्यटक

​रायपुर, धमतरी जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। एक ओर जहां सुख-समृद्धि की मंगलकामना के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यटन समिति मेचका द्वारा प्रसिद्ध मुचकुंद ऋषि पर्वत पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।

      ​धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के केंद्र मुचकुंद पर्वत क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों और समिति सदस्यों ने सामूहिक रूप से बिखरे कचरे को एकत्र कर निस्तारित किया। इस दौरान पर्यटकों और ग्रामीणों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

​पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा, राजस्व में बढ़ोतरी

      क्षेत्र में प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन के प्रति पर्यटकों का रुझान तेजी से बढ़ा है। पर्यटन समिति मेचका के अनुसार 14 अगस्त से 14 सितंबर 2026 के बीच कुल 5,555 पर्यटकों ने मेचका का भ्रमण किया। पर्यटकों की सुविधा हेतु संचालित नाका पार्किंग व्यवस्था से अब तक 19 हजार 300 रुपए का कुल राजस्व प्राप्त हुआ है।

प्रधानमंत्री के ‘स्वच्छ भारत’ आह्वान को मिली गति

      इस अभियान के जरिए यह संदेश दिया गया कि सेवा का दायरा केवल व्यक्तिगत मदद तक सीमित न होकर पर्यावरण व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से भी जुड़ा है। स्वच्छ पर्यटन स्थल न केवल क्षेत्रीय सुंदरता और पर्यटक अनुभव को निखारते हैं, बल्कि स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा देते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के आह्वान को आत्मसात करते हुए मेचका में आयोजित यह पहल जनभागीदारी और सामाजिक सहभागिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts