BREAKING

बड़ी खबरबॉलीवुड न्यूज़मनोरंजन

फ्लाइट में जानलेवा हमला, फिर भी बचाई सैकड़ों जानें; सलमान खान ने कैप्टन स्मित को कहा- शाबाश ब्रो

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हुए हमले के बाद उनकी बहादुरी की हर तरफ चर्चा हो रही है। गंभीर स्थिति के बावजूद विमान को संभालने और यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले कैप्टन मच्छार की बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने भी तारीफ की है।

सलमान खान ने कहा- आपको सलाम

सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्होंने कमाल कर दिया। अभिनेता ने उनकी बहादुरी को सलाम करते हुए कहा कि उनके साथ उड़ान भरना उनके लिए सौभाग्य की बात होगी। सलमान ने अपने संदेश के अंत में कैप्टन मच्छार को ‘शाबाश ब्रो’ कहा।

सलमान की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने कैप्टन की जमकर तारीफ की। यूजर्स ने उन्हें असली हीरो बताया और कहा कि गंभीर खतरे के बावजूद उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना विमान में सवार लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी।

कई सितारों ने की बहादुरी की तारीफ

सलमान खान के अलावा रवीना टंडन, सोनम कपूर, शमिता शेट्टी और रिद्धिमा पंडित समेत कई सेलिब्रिटीज ने भी कैप्टन मच्छार की बहादुरी से जुड़ी पोस्ट शेयर कीं। शेफ कुणाल कपूर ने भी कैप्टन की हिम्मत और सूझबूझ की तारीफ करते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने यात्रियों की जान बचाने के लिए संघर्ष किया।

13 साल से ज्यादा का उड़ान अनुभव

कैप्टन स्मित मच्छार मुंबई के रहने वाले हैं। फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले वह करीब 10 साल तक स्पाइसजेट में काम कर चुके हैं। उन्हें बोइंग 737 विमानों को उड़ाने का 13 साल से अधिक का व्यावसायिक उड़ान अनुभव बताया गया है। उन्होंने 2011 में स्पाइसजेट के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी।

हमले के बाद भी नहीं मानी हार

रिपोर्ट्स के अनुसार, दुबई से उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान विमान तेजी से नीचे आने लगा और कैप्टन मच्छार पर हमला किया गया। घायल होने के बावजूद उन्होंने स्थिति संभालने की कोशिश जारी रखी।

बताया गया कि कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद क्रू और यात्रियों को अंदर पहुंचने का मौका मिला और कथित हमलावर को काबू किया जा सका। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।

पीएम मोदी ने भी की कैप्टन से बात

कैप्टन मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर बातचीत की और उनकी बहादुरी की सराहना की। बातचीत के दौरान कैप्टन ने बताया कि हमले के दौरान जब वह दर्द में थे, तब वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे। उन्होंने अपनी जान बचने को ईश्वर की कृपा बताया।

कैप्टन मच्छार की बहादुरी के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक और फिल्मी जगत तक लोग उनकी हिम्मत और सूझबूझ की सराहना कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts