- मुख्यमंत्री के सुहेला दौरे के दौरान पुलिस ने जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया सहित पूरी टीम को हिरासत में लिया, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद किया रिहा
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बलौदाबाजार जिले के सिमगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुहेला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया के नेतृत्व में पार्टी की जिला टीम किसानों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने जा रही थी। लेकिन ज्ञापन सौंपने से पहले ही बलौदाबाजार कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने कोकड़ी स्थित रिसदा मोड़ के पास पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर कोतवाली थाने में बैठा लिया।
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगों में बेमौसम बारिश एवं तूफान से प्रभावित किसानों को फसल नुकसान का उचित मुआवजा, छत्तीसगढ़ के किसानों का संपूर्ण कृषि कर्ज माफ करना तथा धान खरीदी की राशि 3,358 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करना शामिल है।

पार्टी का कहना है कि वर्तमान समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल के साथ प्रथम कृषक कल्याण योजना के तहत घोषित 917 रुपये की अंतर राशि जोड़कर किसानों को कुल 3,358 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रिहा किया गया।
मीडिया से चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। प्रदेश के किसान बेमौसम बारिश और तूफान से हुए फसल नुकसान के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में किसानों को राहत देने के बजाय उनकी मांगों को सुनने से रोकना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज उठाने पर यदि पुलिस प्रशासन द्वारा गिरफ्तारी या अन्य दबाव बनाने की कोशिश की जाती है, तो भी आम आदमी पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है। हम लोकतांत्रिक तरीके से किसानों की आवाज उठाते रहेंगे। जब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को उनका पूरा हक और अधिकार नही मिल जाता, तब तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार किए गए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में शामिल रहे :
जिला प्रभारी सहदेव डाडेकर, लोकसभा उपाध्यक्ष जगन्नाथ महिलांग, बलौदाबाजार विधानसभा प्रभारी कमल महान, जिला किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष फूलदास, जिला अनुसूचित जाति विंग अध्यक्ष कामदेव बघेल, जिला किसान प्रकोष्ठ सचिव हीरालाल, ब्लॉक अध्यक्ष नेमन दास, संतोष यादव, भारत सिंह चौहान, कसडोल विधानसभा संगठन मंत्री राजकुमार बंजारे, खिलावन प्रसाद, संजन लाल, समालिया सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि किसानों की कर्ज माफी, फसल नुकसान का उचित मुआवजा और धान का उचित मूल्य पार्टी के प्रमुख मुद्दे हैं। किसानों के अधिकारों की आवाज सड़क से लेकर शासन-प्रशासन तक लगातार उठाई जाती रहेगी।









