काराकस: वेनेजुएला में एक के बाद एक आए दो भयानक भूकंप में 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका है। US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) का कहना है कि मरने वालों की संख्या 10 हजार से ज्यादा होने की 44% संभावना है। वेनेजुएला में लगातार जबरदस्त भूकंप आए हैं जिनसे राजधानी काराकस में इमारतें ढह गईं और वहां के लोग दहशत में आ गए।
US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने बताया कि 7.2 तीव्रता वाले पहले भूकंप का केंद्र कैरेबियन तट पर बसे मोरोन इलाके के पश्चिम में था जो राजधानी काराकस से लगभग 168 किलोमीटर पश्चिम में है। भूकंप की गहराई 22 किलोमीटर थी। USGS ने ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता के और भी बड़े भूकंप की जानकारी दी है जिसकी गहराई 10 किमी थी और केंद्र मोरोन से 16 किमी दक्षिण-पश्चिम में था।
यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन डिएगो के जियोफिजिसिस्ट वाशन राइट के मुताबिक वेनेज़ुएला के आस-पास के इलाके में अगले हफ्ते तक आफ्टरशॉक्स यानि भूकंप के बाद के झटके महसूस किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आफ्टरशॉक्स की तीव्रता लगभग 3 और 4 हो सकती है और इस बात की 90 प्रतिशत संभावना है कि वे मैग्नीट्यूड 5 तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैग्नीट्यूड के हर स्तर के बीच का अंतर लॉगरिदमिक होता है जिसका मतलब है कि मैग्नीट्यूड 7.5 का भूकंप, मैग्नीट्यूड 6 के भूकंप की तुलना में लगभग 180 गुना ज्यादा ऊर्जा छोड़ता है।
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अभी देश को संबोधित किया है। गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो और नेशनल असेंबली के प्रमुख अपने भाई जॉर्ज रोड्रिगेज के साथ उन्होंने आपातकाल की घोषणा कर दी है। उन्होंने आपातकालीन स्थिति से निपटने की देखरेख के लिए एक जनरल को भी नियुक्त किया है। अपने भाषण में उन्होंने सबसे पहले वेनेज़ुएला के लोगों से एकता की अपील की। उन्होंने भूकंप में अपनों को खोने वालों के प्रति भी अपनी संवेदनाएं जताईं लेकिन मरने वालों की संख्या नहीं बताई।
वेनेजुएला भूकंप के बारे में क्या सब पता चला है?
- बुधवार शाम वेनेज़ुएला में एक मिनट के अंदर दो ज़बरदस्त भूकंप आए हैं।
- पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था जिसका केंद्र याराकुय राज्य के सैन फेलिप में था।
- US जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार इसके ठीक 39 सेकंड बाद एक और ज्यादा तेज भूकंप आया जिसकी तीव्रता 7.5 मापी गई।
- अभी यह साफ नहीं है कि कितने लोग हताहत हुए हैं और नुकसान कितना हुआ है लेकिन हजारों लोगों की मौत कीा अनुमान है।
- USGS का कहना है कि दूसरे मुख्य भूकंप के बाद बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने और भारी नुकसान की आशंका है। 10,000 से ज्यादा लोगों की मौत की संभावना 44% है और एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत की संभावना 30% है।
- राजधानी कराकस में भी झटके महसूस किए गए जहां इमारतें ढह गईं, पेट्रोल की सप्लाई बंद हो गई और लोग मलबे के नीचे से मदद के लिए पुकार रहे हैं।
AFP की रिपोर्ट के मुताबिक वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने लोगों से अपने घर छोड़ने को कहा है। कैबेलो का कहना है कि एहतियात के तौर पर कई इमारतों में पेट्रोल की सप्लाई पहले ही रोक दी गई है। कैबेलो ने कहा ‘कुछ इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और हम नहीं चाहते कि गैस से जुड़ा कोई हादसा हो।’ यह पहली बार नहीं है जब वेनेजुएला की राजधानी में जबरदस्त भूकंप आया हो।
1967 में 6.6 तीव्रता के भूकंप ने काराकस को हिला दिया था जिसमें 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इस भूकंप ने पालोस ग्रांडेस (मध्यम-वर्गीय इलाका) और अल्तामिरा (अमीर लोगों का इलाका) में कई इमारतें गिरा दी थीं। बुधवार को आए भूकंप से ये दोनों इलाके फिर से प्रभावित हुए हैं। गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने सरकारी टीवी को बताया कि ‘वहां इमारतें ढह गई हैं।’ इस बार की तरह 1967 में भी लोगों ने दो झटके महसूस किए थे।









