देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में तेज बहाव के चलते चीन सीमा से लगी तीन घाटियों का संपर्क टूट गया है। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी में तीन कॉलेज छात्र बह गए हैं। बिहार में बाढ़ से 15 जिलों के 47 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मानसून फिर सक्रिय हो गया है।
पिथौरागढ़ में 170 फीट लंबा बैली ब्रिज बहा
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भारी बारिश के बीच कुलागाड़ नाले पर बना 170 फीट लंबा बैली ब्रिज तेज बहाव में बह गया। इसके चलते चीन सीमा से लगी व्यास, दारमा और चौदांस घाटियों का संपर्क टूट गया है।
यह बैली ब्रिज 27 अगस्त को ही बनाया गया था। इससे पहले यहां बना पुराना पुल 18 अगस्त को चट्टान गिरने से टूट गया था। इसके बाद नया बैली ब्रिज तैयार किया गया था।
हसदेव नदी में तीन कॉलेज छात्र बहे
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी के तेज बहाव में तीन कॉलेज स्टूडेंट्स बह गए। तीनों शुक्रवार को बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राओं के साथ पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे।
नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए दो अन्य छात्र भी नदी में कूद गए। तेज बहाव में तीनों बह गए। उनकी तलाश जारी है।
बिहार में 47 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
बिहार में बाढ़ का असर 15 जिलों तक पहुंच गया है। यहां 47 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। गंगा समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
उत्तर प्रदेश में भी 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। यहां करीब 4 लाख की आबादी प्रभावित हुई है। 21 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
कानपुर और उन्नाव में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। नदी किनारे बसे गांवों में 10 फीट तक पानी भर गया है।
MP और राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून
मध्य प्रदेश और राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मध्य प्रदेश के 15 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट है। राजस्थान के 29 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
इससे पहले शुक्रवार को राजस्थान के अलवर, सवाई माधोपुर और दौसा में तेज बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बारिश के दौरान विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम हो गई। वहीं दमोह के निचले इलाके पानी में डूब गए।









