BREAKING

बड़ी खबर

दिल्ली से केरल तक बारिश का दौर, कई राज्यों में भारी वर्षा और बाढ़ का खतरा

देश के कई हिस्सों में मानसून की बारिश का कहर जारी है।  जम्मू-कश्मीर से लेकर केरल तक कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। उत्तर भारत में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जबकि असम और केरल के कई इलाकों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बनी हुई हैं। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 अगस्त के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और केरल समेत कई राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 

दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 7 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

विज्ञान विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में आज तेज आंधी के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इसमें आगरा, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, कानपुर,  मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, प्रयागराज, देवरिया, वाराणसी और गोरखपुर जिले हैं। लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने के लिए कहा गया है।

बिहार में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 9 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। 7 अगस्त को भी कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।

केरल में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के मध्य और उत्तरी हिस्सों में अगले 48 घंटों तक तेज बारिश की चेतावनी दी है। कासरगोड, कन्नूर, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोट्टायम, अलाप्पुझा और पथानामथिट्टा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य कई जिलों में येलो अलर्ट लागू है। मछुआरों और समुद्र किनारे रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर और बांकुड़ा में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कोलकाता, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम, पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान में भी शुक्रवार तक भारी बारिश का अनुमान है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी तेज बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले इलाकों में सावधानी रखें और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें। 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts