BREAKING

बड़ी खबर

अन्नामलाई पर खत्म हुआ सस्पेंस, भाजपा का छोड़ दिया है साथ; नई पार्टी बनाएंगे?

तमिलनाडु से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। पिछले कई दिनों से चल रहे कयासों और सस्पेंस पर विराम लगाते हुए पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बीजेपी ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इस खबर की पुष्टि की है। पार्टी के मुताबिक, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अन्नामलाई द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिए गए इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।

अन्नामलाई का यह इस्तीफा तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के ठीक एक महीने बाद सामने आया है। बता दें कि चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। बीजेपी राज्य में महज 1 सीट ही जीत सकी थी। जानकारी के मुताबिक अन्नामलाई के इस्तीफे की पटकथा चुनाव के दौरान ही लिखी जाने लगी थी। बीजेपी की तरफ से तमिलनाडु चुनाव के लिए जारी उम्मीदवारों की सूची में जब अन्नामलाई का नाम गायब था, तभी से उनके बीजेपी छोड़ने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। इस बीच बीते दिनों अन्नामलाई अचानक बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मिलने दिल्ली पहुंचे थे, जिससे इन अफवाहों को और हवा मिल गई थी।

पूर्व आईपीएस अधिकारी कुप्पुसामी अन्नामलाई ने बीजेपी में शामिल होने और दक्षिण राज्य में पार्टी इकाई की कमान संभालने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में काफी सुर्खियां बटोरी थीं। अब उनके इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि वह अपनी एक नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं। जब इसी हफ्ते पत्रकारों ने उनसे नई पार्टी बनाने को लेकर सवाल पूछा था, तो अन्नामलाई ने सस्पेंस बरकरार रखते हुए कहा था कि एक-दो दिन में इस पर चर्चा की जाएगी।

इससे पहले अन्नामलाई का राजनीतिक सफर 2021 में शुरू हुआ था। तब BJP ने उन्हें तमिलनाडु चुनावों में उम्मीदवार बनाया था। चुनाव हारने के बावजूद, उन्हें तमिलनाडु BJP का अध्यक्ष बनाया गया। वे तीन साल तक इस पद पर रहे। इसके बाद 2024 में लोकसभा चुनावों के बाद उन्होंने यह पद छोड़ दिया। उनकी जगह नैनार नागेंद्रन को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।

इस बीच अन्नामलाई ने गुरुवार को कहा था कि वे पांच जून यानी शुक्रवार को सोशल मीडिया पर अपने विचार रखेंगे। अन्नामलाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट करते हुए कहा, ”कल दोपहर 12 बजे, मैं सोशल मीडिया पर आप सभी के साथ बातचीत करने, अपने विचार साझा करने और खुलकर दिल से दिल की बात करने के लिए उत्सुक हूं।’’ चर्चा है कि वह अपनी खुद की पार्टी शुरू करने का ऐलान कर सकते हैं। इसके अलावा वह इस्तीफे को लेकर भी स्पष्टीकरण दे सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts