BREAKING

छत्तीसगढबड़ी खबरराज्य

कोर्ट से बेटे की मुआवजा राशि लेकर निकली महिला, ऑटो में 1.60 लाख चोरी

रायपुर। कबीरधाम जिले से बेटे की दुर्घटना में मौत की मुआवजा राशि लेने रायपुर आई महिला के पर्स से 1.60 लाख रुपए चोरी हो गए। महिला ने न्यायालय परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से रकम निकाली थी।

इसके बाद पति के साथ ई-रिक्शा और ऑटो से सफर किया। भनपुरी चौक पहुंचने पर पर्स चेक किया तो पूरी नकदी गायब मिली। महिला की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(बी) के तहत केस दर्ज किया है।

बैंक से निकाले थे 1.60 लाख रुपए

पुलिस के मुताबिक कबीरधाम जिले के ग्राम महाराजपुर निवासी ममता तिवारी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। उनके बेटे की दुर्घटना में मौत हुई थी। इसी मामले की मुआवजा राशि लेने के लिए वह 10 सितंबर को पति खेदन तिवारी के साथ रायपुर न्यायालय आई थीं। कोर्ट का काम पूरा होने के बाद उन्होंने न्यायालय परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 1.60 लाख रुपए नकद निकाले।

ऑटो बदलने के बाद पता चला

बैंक से रकम निकालने के बाद शाम करीब 4 बजे ममता पति के साथ मल्टीलेवल पार्किंग के पास छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तक पहुंचीं। वहां से दोनों ई-रिक्शा में बैठकर फाफाडीह चौक गए। इसके बाद फाफाडीह से दूसरे ऑटो में सवार होकर भनपुरी चौक पहुंचे।

भनपुरी पहुंचने के बाद ममता ने अपना पर्स देखा तो उसमें रखे 1.60 लाख रुपए गायब थे। उन्होंने तुरंत पति और अधिवक्ता निरंजन साहू को इसकी जानकारी दी। महिला को आशंका है कि ऑटो में सफर के दौरान किसी ने पर्स से रकम निकाल ली।

CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस

पुलिस अब बैंक से लेकर दोनों ऑटो के सफर वाले रास्ते तक के CCTV फुटेज खंगालेगी। ऑटो चालकों और रास्ते में महिला के आसपास मौजूद लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने बैंक से महिला के रकम निकालने के बाद उसका पीछा किया और मौका देखकर पर्स से नकदी पार कर दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts