BREAKING

छत्तीसगढराज्य

 सेवा और सुशासन के 25 वर्ष : सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सेवा संकल्प अभियान का आगाज़

खाड़ाबांध तालाब में मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का होगा आयोजन

 17 सितंबर को 5 लाख दीपों से जगमगाएगा पूरा जिला

रायपुर, राज्य शासन द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान  के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस माहव्यापी अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के साथ होगा, जिसके अंतर्गत पूरे जिले में 5 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

     ​  कलेक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित पत्रकारवार्ता में अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी, नवाचार, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। ​अभियान के प्रथम दिन 17 सितंबर को शाम 7 बजे सारंगढ़ के ऐतिहासिक खाड़ाबांध तालाब में मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहाँ 51 हजार से अधिक दीपों की रोशनी से तालाब जगमगा उठेगा और साथ ही 10 हजार से अधिक आटे के दीपों का प्रवाह किया जाएगा। इस आयोजन को व्यापक स्वरूप देने के लिए जनप्रतियों, अधिकारियों, स्व-सहायता समूहों और आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता तय की गई है। इसके अतिरिक्त जिले के 49 अमृत सरोवरों, 36 मंदिरों, प्रमुख शासकीय कार्यालयों और चौराहों पर भी दीप जलाए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के 88 हजार स्वीकृत हितग्राही, एनआरएलएम से जुड़ी महिलाएं और ग्रामीणजन भी अपने-अपने क्षेत्रों में इस दीपोत्सव में शामिल होंगे।

       ​विकासखंडों में भी विशेष आयोजन निर्धारित किए गए हैं, जिनमें सारंगढ़ के टिमरलगा स्थित मां नाथलदाई मंदिर और केडार क्षेत्र में 21-21 सौ दीप प्रज्वलित होंगे। वहीं बिलाईगढ़ के ग्राम रायकोना और बरमकेला के ग्राम भिखमपुरा में भी दीप प्रज्वलन के भव्य कार्यक्रम रखे गए हैं। सामाजिक सरोकार से शुरुआत करते हुए अभियान के पहले ही दिन 17 सितंबर को सुबह 10 बजे सारंगढ़, बरमकेला और बिलाईगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।

        ​17 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक माह के अभियान के दौरान 12 प्रमुख पहलुओं के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी। इसके तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण पर केंद्रित सामुदायिक गतिविधियां होंगी। साथ ही जल जन सेवा संकल्प के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी और सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के तहत युवाओं को नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अभियान का औपचारिक समापन 17 अक्टूबर को सुशासन सेवा संवाद के साथ होगा, जिसमें सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण की भावी दिशा पर सार्थक विचार-विमर्श किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts