नई दिल्ली. एशिया कप के लिए भारतीय स्क्वाड में श्रेयस अय्यर को शामिल नहीं किए जाने को लेकर अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच पूर्व क्रिकेटर सदगोपन रमेश ने इसके लिए सीधे-सीधे भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि गंभीर सिर्फ उन्हीं खिलाड़ियों का साथ देते हैं, जिन्हें वह पसंद करते हैं। जो खिलाड़ी उन्हें पसंद नहीं, उनको वह नहीं चाहते। रमेश ने गंभीर के कोचिंग ट्रैक रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाया है।
अपने यू-ट्यूब चैनल पर रमेश ने विराट कोहली और रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 से टेस्ट सीरीज ड्रॉ होने पर बनाए जा रहे ‘नैरेटिव’ पर भी सवाल उठाया है।
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ‘वह सिर्फ उन्हीं खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं जिन्हें वह पसंद करते हैं लेकिन जो उन्हें पसंद नहीं करते, उन्हें वह बिल्कुल भी नहीं चाहते। विदेश में लगातार जीत का सिलसिला कोहली और शास्त्री (कप्तान और कोच) के दौर में शुरू हुआ। लेकिन अब इंग्लैंड के खिलाफ एक ड्रॉ सीरीज को ऐसे पेश किया जा रहा जैसे यह गंभीर के ट्रैक रिकॉर्ड की कोई बड़ी उपलब्धि हो।’
अय्यर को एशिया कप में नहीं चुने जाने की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, ‘गंभीर की सबसे बड़ी उपलब्धि अब भी चैंपियंस ट्रॉफी की जीत है और उस सफलता की भी अय्यर सबसे बड़ी वजह थे। इसके बाद भी गंभीर उनका समर्थन नहीं कर रहे हैं। जायसवाल जैसे खिलाड़ी जो एक्स-फैक्टर हैं, उन्हें हर फॉर्मेट खेलना ही चाहिए। उन्हें स्टैंडबाय में रखना एक खराब फैसला है।’
रमेश ने कहा, ‘श्रेयस अय्यर ने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान उसी यूएई में अविश्वसनीय प्रदर्शन किया और उन्हें भारत की वाइट-बॉल टीम में होना ही चाहिए। खिलाड़ी जब आत्मविश्वास से भरपूर हो और फॉर्म में हो तब उनका समर्थन किया जाना चाहिए, न कि तब जब उनकी चमक फीकी पड़ रही हो।’
श्रेयस अय्यर इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने आईपीएल 2025 में 174 के स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए हैं। सैयाद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 188 के स्ट्राइक रेट से 300 से ज्यादा रन कूटे हैं। भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत में वह टीम के टॉप स्कोरर थे। इसके बाद भी उन्हें एशिया कप के लिए 15 सदस्यों वाले स्क्वाड में जगह नहीं मिली।
अय्यर को नहीं चुने जाने पर चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने कहा था कि इसमें न हमारी गलती है और न ही उनकी। उन्हें किसकी जगह पर लिया जाता। लेकिन अय्यर को रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में भी जगह नहीं मिलना हैरान करने वाला है। इस पर कई दिग्गज सवाल उठा चुके हैं।









