BREAKING

बड़ी खबर

एग्जिट पोल्स से उत्साहित BJP अलर्ट मोड पर, बंगाल में महाबैठक; कौन-कौन जुटेंगे

पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को आने वाले हैं। इससे पहले बुधवार को एग्जिट पोल्स जारी किए गए थे, जिनमें से ज्यादातर में भाजपा को बंगाल में जीत दिखाई गई है। इन अनुमानों को ममता बनर्जी ने खारिज किया है और टीएमसी को 226 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। इस बीच भाजपा उत्साहित है और वह काउंटिंग के लिए भी ऐसी तैयारी करना चाहती है कि कोई गड़बड़ी न हो। इसके लिए पार्टी ने शनिवार को एक बड़ी बैठक बुलाई है। इस मीटिंग में चर्चा की जाएगी कि कैसे काउंटिंग सेंटरों पर कार्यकर्ता समय पर पहुंच जाएं और पूरी मुस्तैदी से वहां निगरानी की जाए।

टीएमसी के कार्यकर्ताओं के साथ हिंसा ना हो और पूरी तरह मुस्तैदी भी रहे, इस पर भी फोकस किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक इस बैठक में शुभेंदु अधिकारी और दिलीप घोष जैसे सूबे के बड़े नेता रहेंगे तो वहीं राज्य के प्रभारी सुनील बंसल और मंगल पांडेय मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सह-प्रभारी अमित मालवीय और भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे। ये नेता 27 अप्रैल को चुनाव प्रचार के समापन के बाद बंगाल से निकल गए थे, लेकिन मीटिंग के लिए फिर से आएंगे। हर विधानसभा सीट पर भाजपा ने विस्तारक नियुक्त किए थे। ये सब लोग भी मीटिंग में रहेंगे।

इस बीच भाजपा ने गुरुवार को राज्य के तमाम नेताओं से फीडबैक लिया है। इस फीडबैक के आधार पर उसे सरकार बनने की उम्मीद है। भाजपा को लगता है कि कम या ज्यादा सटीक पोल सही साबित होंगे और इन सर्वे ने जमीन की स्थिति को सही से भांप लिया है। फिलहाल भाजपा का फोकस यह है कि काउंटिंग वाले दिन कोई गड़बड़ी ना हो। टीएमसी के रुख को देखते हुए भी अलर्ट की स्थिति है। भाजपा ने बाहर से प्रचार में आए कई सीनियर नेताओं को अलग-अलग इलाकों में तैनात करने का फैसला लिया है। इसके अलावा विधायक प्रत्याशियों से कहा गया है कि वे कोलकाता ना आएं बल्कि अपने क्षेत्रों में ही समर्थकों के बीच रहें।

कोलकाता में पार्टी ने एक कंट्रोल रूम भी स्थापित कर लिया है। यहीं से पूरे राज्य में मॉनिटरिंग की जाएगी और अपडेट लिए जाते रहेंगे। यही नहीं यदि कोई शिकायत आई तो फिर ऐक्शन लिया जाएगा। फिलहाल भाजपा उत्साहित है और उसे लगता है कि इस बार बंगाल में सत्ता उसके हाथ लग सकती है। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने बंगाल की अपनी आखिरी रैली में कहा था कि अब मैं यहां शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ही आऊंगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts