BREAKING

बड़ी खबर

NEET पेपर लीक केस में बढ़ीं मुश्किलें, शेषराव सूर्यवंशी के खिलाफ CBI की चार्जशीट

नई दिल्ली: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एक और आरोपी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी ने बुधवार, 14 अक्टूबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में आरोपी शेषराव बजरंग सूर्यवंशी के खिलाफ यह चार्जशीट पेश की।

स्पेशल CBI जज अजय गुप्ता ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट को रिकॉर्ड पर लिया है। अदालत अब 22 अक्टूबर को इस पर दलीलें सुनेगी। मामले में CBI की ओर से सीनियर पब्लिक प्रॉसिक्यूटर वी.के. पाठक अदालत में पेश हुए।

पहले 13 आरोपियों के खिलाफ दाखिल हो चुकी है चार्जशीट

CBI इस मामले में पहले ही 13 आरोपियों के खिलाफ मुख्य चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अदालत उस चार्जशीट का संज्ञान भी ले चुकी है। अब शेषराव बजरंग सूर्यवंशी के खिलाफ दाखिल की गई नई चार्जशीट से मामले में आरोपी पक्ष से जुड़ी जांच का दायरा और बढ़ गया है।

शेषराव को मामले में नामजद आरोपी शुभम मधुकर खैरनार का करीबी सहयोगी बताया गया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि दोनों ने मिलकर परीक्षा से पहले कुछ अभ्यर्थियों तक कथित तौर पर लीक हुआ प्रश्नपत्र पहुंचाने की साजिश रची।

नांदेड़ के घर में अभ्यर्थियों को दिए गए थे सवाल

CBI के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि शेषराव ने कथित तौर पर कई अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले NEET UG के प्रश्न उपलब्ध कराए थे। इसके लिए उम्मीदवारों से पैसे लिए जाने का भी आरोप है।

जांच एजेंसी का दावा है कि कुछ उम्मीदवारों को नांदेड़ स्थित एक घर में ले जाया गया था, जहां उन्हें कथित तौर पर लीक हुए प्रश्न उपलब्ध कराए गए। इसके बाद भुगतान सुनिश्चित करने के लिए उनके मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र अपने पास रख लिए गए थे।

2 सितंबर को हुई थी गिरफ्तारी

शेषराव बजरंग सूर्यवंशी को CBI ने 2 सितंबर को गिरफ्तार किया था। एजेंसी के अनुसार, उसका संबंध चार्जशीट में पहले से नामजद शुभम मधुकर खैरनार से था और दोनों के बीच मामले को लेकर कथित आपराधिक साजिश के सबूत जांच में सामने आए हैं।

मामले में CBI ने अब तक कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें मनीषा मंधारे, मनीषा संजय हवलदार, मनीषा वाघमारे, प्रहलाद कुलकर्णी, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, डॉ. मनोज शिरुरे, तेजस हर्षद शाह, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल और विकास बिवाल के नाम शामिल हैं।

पेपर लीक के बाद मचा था देशभर में हंगामा

NEET UG परीक्षा से जुड़े पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद देशभर में विवाद खड़ा हो गया था। परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठे और कई जगह छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया।

CBI ने मामले की जांच अपने हाथ में लेने के बाद पेपर लीक की कथित साजिश, उम्मीदवारों तक प्रश्न पहुंचाने और पैसों के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू की।

अब शेषराव के खिलाफ दाखिल सप्लीमेंट्री चार्जशीट पर 22 अक्टूबर को अदालत में सुनवाई होगी। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और तेज होने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts