रायपुर। राजधानी रायपुर में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दोनों पर दूसरे की जमीन को अपना बताकर शराब कारोबारी से 36 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। आशीष जायसवाल की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दंपती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जमीन और रेस्टोरेंट बेचने का दिया था झांसा
शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल के मुताबिक, परिचित जगदीश जायसवाल के माध्यम से उनकी मुलाकात दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन से हुई थी। जगदीश ने उन्हें 1600 वर्गफुट की एक जमीन के बारे में जानकारी दी थी, जहां वर्तमान में एटमास्फिरिया रेस्टोरेंट संचालित हो रहा है। बताया गया था कि जमीन के साथ रेस्टोरेंट भी बिक्री के लिए उपलब्ध है।
इसके बाद आशीष जायसवाल और उनके दोस्त ने सौदे के सिलसिले में दीपक और बरखा के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करनी शुरू की। शुरुआत में एक लाख रुपये टोकन मनी के रूप में दिए गए। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में 25 लाख रुपये और अतिरिक्त तीन लाख व दो लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। वहीं, होटल पहुंचकर पांच लाख रुपये नकद भी दिए गए।
दूसरे की जमीन बताकर वसूले पैसे
शिकायत के अनुसार, पूरी रकम देने के बाद जब जमीन के स्वामित्व की जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि संबंधित जमीन दीपक टंडन और बरखा टंडन के नाम पर नहीं है। इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कथित तौर पर जान से मारने और एसटी-एससी एक्ट के मामले में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी।
दीपक बिलासपुर पुलिस की रिमांड पर, पत्नी हिरासत में
आशीष जायसवाल की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। बरखा टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
पहले भी लग चुके हैं धोखाधड़ी के आरोप
गौरतलब है कि दीपक टंडन और उनकी पत्नी के खिलाफ इससे पहले भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है। अब नया मामला सामने आने के बाद दंपती के खिलाफ ठगी के अन्य पीड़ितों के भी सामने आने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।









