BREAKING

छत्तीसगढराज्य

ऑनलाइन रिफंड के नाम पर साइबर ठगी, पश्चिम बंगाल से आरोपी गिरफ्तार

रायपुर । मोबाइल कवर के रिफंड के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को खमतराई पुलिस ने साइबर सेल की मदद से पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने झांसा देकर प्रार्थी से अलग-अलग खातों में कुल 1,35,825 रुपये ट्रांसफर करा लिए थे।

पुलिस के अनुसार, रामेश्वर नगर भनपुरी निवासी ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 फरवरी 2026 को उन्हें एक कॉल आया, जिसमें मोबाइल कवर का रिफंड दिलाने का झांसा दिया गया। इसके बाद आरोपी ने यूपीआई के जरिए अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराकर ठगी को अंजाम दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। आरोपी शशांक बैद्य (29) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले का निवासी है।

खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts