चेहरे पर बार-बार होने वाले कील-मुहांसे त्वचा से जुड़ी आम समस्या है। आमतौर पर यह हार्मोनल बदलाव के कारण होते हैं। इसके अलावा अधिक तेल, बंद रोमछिद्र, तनाव, नींद की कमी और त्वचा की सही देखभाल न करने जैसी कई वजहों से मुहांसे हो सकते हैं। सही दिनचर्या अपनाने से इस स्थिति से 15 दिनों में सुधार नजर आ सकता है, लेकिन हर व्यक्ति की त्वचा और समस्या अलग होती है।
मुहांसे होने की आम वजहें क्या हैं?
जब त्वचा में सीबम यानी नेचुरल ऑयल का प्रोडक्शन बढ़ जाता है और पोर्स बंद होने लगते हैं, इस वजह से मुहांसे निकलने लगते हैं। हार्मोनल बदलाव, तनाव और त्वचा पर गंदगी जमा होना भी समस्या को बढ़ा सकता है। बार-बार चेहरे को हाथ लगाने, पर्याप्त नींद न लेने और बहुत अधिक तला-भुना या मीठा भोजन करने जैसी आदतें भी कुछ लोगों में त्वचा की समस्या को प्रभावित कर सकती हैं।
सुबह का स्किन केयर रूटीन
सुबह उठने के बाद चेहरे को हल्के और अपनी स्किन टाइप के अनुसार चुने हुए या सेलिसिलिक एसिड बेस्ड फेसवॉश से साफ करें। दिन में बार-बार चेहरा धोने से बचें, क्योंकि इससे त्वचा में रूखापन और जलन बढ़ सकती है। चेहरा साफ करने के बाद हल्का मॉइस्चराइजर लगाएं। इसके बाद सनस्क्रीन जरूर लगाएं। बाहर से घर लौटने के बाद चेहरे को साफ पानी से धोना भी उपयोगी हो सकता है।
रात में त्वचा की ऐसे करें देखभाल
सोने से पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ करें। अगर आपने मेकअप किया है, तो उसे हटाकर ही सोएं। इसके बाद हल्के फेसवॉश का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर त्वचा विशेषज्ञ ने मुहांसों के लिए कोई क्रीम या जेल दी है, तो उसका इस्तेमाल डॉक्टर के निर्देश के अनुसार करें। एक साथ कई नए उत्पाद लगाने या बार-बार त्वचा संबंधी दवाएं बदलने से बचें।
खान-पान और जीवनशैली पर भी दें ध्यान
मुहांसों की देखभाल केवल बाहरी स्किन केयर तक सीमित नहीं है। रोजाना पर्याप्त पानी पिएं और संतुलित भोजन लें। फल, हरी सब्जियां, दाल और घर का बना भोजन आहार में शामिल करें। बहुत अधिक तला-भुना, मीठा और जंक फूड पिंपल्स के लिए अच्छी नहीं होती है, इसलिए इसे कम से कम खाना चाहिए। इसके साथ ही पर्याप्त नींद लेने और तनाव को नियंत्रित रखने की कोशिश करें।
मुहांसों को फोड़ने की गलती न करें
मुहांसों को बार-बार छूना या दबाकर फोड़ना समस्या को बढ़ा सकता है और इससे त्वचा पर दाग पड़ने का भी खतरा बढ़ता है। इसलिए उन्हें छेड़ने से बचें। अगर मुहांसे बहुत ज्यादा हैं, दर्दनाक हैं, लंबे समय से बने हुए हैं या बार-बार लौटते हैं, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है। केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय सही कारण और उपचार का पता लगाना जरूरी है।
15 दिन में कितना फर्क दिख सकता है?
नियमित स्किन केयर रूटीन का पालन करने से जल्द ही स्किन पर फर्क महसूस होने लगेगा, लेकिन 15 दिनों में मुहांसे पूरी तरह खत्म होना संभव नहीं है। मुहांसों की गंभीरता, त्वचा के प्रकार और उनके कारण के अनुसार परिणाम अलग-अलग हो सकते हैं। इसलिए जल्द परिणाम पाने के लिए बहुत सारे प्रोडक्ट का एक साथ इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। इसके बजाय त्वचा के अनुरूप सरल दिनचर्या अपनाना बेहतर है।








