BREAKING

बड़ी खबर

लखीमपुर में शारदा नदी खतरे के निशान के पार, घाघरा भी उफान पर

पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के बीच बैराज से पानी छोड़े जोने से शारदा और घाघरा नदी उफनाने लगी है। यूपी में लखीमपुर के पलिया में शारदा खतरे के निशान को पार कर गई है। वहीं घाघरा नदी के उफनाने से नदी किनारे बसे गांवों में पानी भर गया है। बनबसा बैराज से सोमवार रात घाघरा नदी में एक लाख 23 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया वहीं मंगलवार की सुबह पलिया में शारदा नदी खतरने के निशान को पार कर गई। दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ने से नदियों के किनारे बसे गांवों के लोगों को बाढ़ का डर सता रहा है। लोग लगातार जलस्तर पर नजर जमाए हैं। वहीं ग्रंट नम्बर 12 में शारदा नदी कटान कर रही है। इससे गांव वालों में दहशत है।

शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने से एक बार फिर से नदी ने कटान शुरू कर दिया है। ग्रंट नं 12 मे नदी कटान में करीब बारह बीघा फसलों सहित भूमि नदी में समा गयी है। नवन विभाग के काफी पेड़ नदी बहा चुकी है।तहसील निघासन के ग्रंट नंबर 12 में शारदा नदी ने फिर से कटान चालू कर दिया है। ओमप्रकाश, देशराज, पुरुषोत्तम, मंगल सिंह यादव, अमर सिंह, कमलेश की गन्ने की करीब बारह बीघा फसल नदी में समा गयी है। नदी के कटान से वन विभाग के सैकडो पेड नदी में समा चुके हैं। नदी कटान करती हुई रंडौहा गांव की तरफ बढ रही है।

घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से ईसानगर क्षेत्र के चकदहा गांव समेत आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं। नदी का पानी गांव के निचले हिस्सों में पहुंचने के साथ ही रास्तों, घरों और सरकारी स्कूल परिसर में पानी भर गया है। बच्चों की पढ़ाई को लेकर भी संकट खड़ा हो गया है। उधर शारदा नदी का भी जलस्तर बढ़ गया है। जिससे सैकड़ों एकड़ फसलें जलमग्न हैं। हाइवे से जुड़े रेहरिया मार्ग पर भी पानी चलने लगा है।

घाघरा का जलस्तर लगातार बढ़ने से धौरहरा तहसील के चकदह गांव के अधिकांश घरों में पानी घुस गया। गांव का सरकारी स्कूल भी पानी से घिर गया है। गांव के बाहर मुख्य रास्ते पर बनी एक पुलिया भी पानी के तेज बहाव के चलते कट गई है। शारदा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने धौरहरा तहसील में हालात चिंताजनक बना दिए हैं।

नेशनल हाइवे 730 के किनारे जसवंत नगर तटबंध से सदर तहसील के खानीपुर गांव तक पानी भर गया है। चौका नदी के पास बसे सदर तहसील के रेहरिया कलां,रेहरिया खुर्द, प्रधान पुरवा,लोधपुरवा,खानीपुर,पंचम पुरवा,झाला,राम सिंह पुरवा,श्यामलाल पुरवा आदि गांव पानी से घिर गए हैं।

दौलतापुर और उसके आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। लगातार बारिश और बनबसा बांध से छोड़े गए पानी की वजह से शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालात यह हैं कि दौलतापुर से बम्हनपुर जाने वाली मेन रोड पर घाघी पुलिया के पास घुटनों तक गहरा पानी बहने लगा है। निघासन इलाके की दौलतापुर ग्राम पंचायत में बाढ़ का पानी पहुंच गया है।

दौलतापुर से बम्हनपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर घाघी पुलिया के ऊपर से पानी की तेज धार चलने के कारण आसपास के करीब एक दर्जन गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। इनमें मुख्य रूप से बोटनपुरवा, सुरजीपुरवा, कोरियाना, नौगवां, हुलासीपुरवा और बिचपरी आदि गांव शामिल हैं। सड़क पर जलभराव की वजह से बच्चों का स्कूल, मरीजों का अस्पताल और किसानों का मंडी तक जाना मुश्किल हो गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts