लग्जरी फोन बनाने वाली कंपनी Caviar ने फुटबॉल के दो सबसे बड़े सितारों लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो को डेडिकेट करते हुए नया लिमिटेड एडिशन कलेक्शन लॉन्च किया है। कंपनी ने Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra और Apple iPhone 17 Pro को 24 कैरेट गोल्ड और प्रीमियम हैंडक्राफ्टेड डिजाइन के साथ पेश किया है। खास बात यह है कि दुनिया भर में इन दोनों मॉडल्स की सिर्फ 19-19 यूनिट ही बनाई जाएंगी, यानी सिर्फ 19-19 लोग ही इन्हें खरीद पाएंगे।
Caviar का Messi Edition आने वाले Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra पर बेस्ड है। इसके बैक पैनल पर लियोनेल मेसी का पोर्ट्रेट, उनकी लोकप्रिय जर्सी नंबर 10 और अर्जेंटीना के राष्ट्रीय प्रतीकों को कलात्मक तरीके से उकेरा गया है। कंपनी ने फोन के फ्रेम और डिजाइन एलिमेंट्स में 24 कैरेट गोल्ड प्लेटिंग और प्रीमियम एनामेल फिनिश का इस्तेमाल किया है, जिससे यह एक फोन से ज्यादा कलेक्टर्स आइटम बन जाता है।
दूसरी ओर, Ronaldo Edition को iPhone 17 Pro को बेस बनाते हुए डिजाइन किया गया है। इसके बैक पैनल पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की फोटो, उनकी फेवरेट जर्सी नंबर 7 और पुर्तगाल के राष्ट्रीय प्रतीकों को शामिल किया गया है। इस मॉडल में भी 24K गोल्ड प्लेटिंग और खास जियोमेट्रिक डिजाइन दिया गया है, जो इसे सामान्य iPhone से बिल्कुल अलग बनाता है।
Caviar हर एक डिजाइन की केवल 19 यूनिट ही तैयार कर रही है। हर स्मार्टफोन के साथ कंपनी एक स्पेशल प्रीमियम बॉक्स देगी, जिसमें गोल्ड-प्लेटेड चाबी और ब्रैंडेड स्मारक कॉइन भी शामिल होगा। सीमित संख्या और प्रीमियम फिनिश की वजह से इन्हें खास तौर पर कलेक्टर्स और फुटबॉल फैन्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
Caviar के iPhone 17 Pro Ronaldo Edition (256GB) की शुरुआती कीमत 11,410 डॉलर (10,99,999 रुपये) रखी गई है। वहीं, टॉप कॉन्फिगरेशन की कीमत 13,130 डॉलर (करीब 12,63,000 रुपये) तक जाती है। Galaxy Z Fold 8 Ultra वाले Messi Edition की कीमत भी इसी प्रीमियम कैटेगरी में रखी गई है।
मजेदार बात यह है कि Caviar ने Galaxy Z Fold 8 Ultra के ऑफीशियल लॉन्च से पहले ही इसका कस्टम एडिशन पेश कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, Samsung का यह फोल्डेबल स्मार्टफोन 22 जुलाई को लॉन्च होने वाला है, जबकि Caviar ने इसके लिए प्री-ऑर्डर लेने शुरू कर दिए हैं।









