BREAKING

बड़ी खबर

राष्ट्रीय खेल दिवस: PM मोदी, उपराष्ट्रपति और खेल मंत्री ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आज पूरे देश में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा कर राष्ट्रीय खेल दिवस की बधाई दी। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करता रहेगा। पीएम मोदी ने देश के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की मेहनत, जुनून और दृढ़ संकल्प की भी सराहना की।

उपराष्ट्रपति ने भी दी शुभकामनाएं

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने राष्ट्रीय खेल दिवस को दृढ़ संकल्प, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन की भावना का उत्सव बताया। उन्होंने मेजर ध्यानचंद की विरासत को याद करते हुए कहा कि भारत का तेजी से बढ़ता खेल तंत्र हर स्तर पर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं और युवाओं को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से फिटनेस को बढ़ावा देने और खेलों में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की।

खेल मंत्री ने बताया खास अभियान

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के अवसर पर देशभर में फिट इंडिया अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके जरिए युवाओं और आम लोगों को कम से कम एक घंटे खेल के मैदान में समय बिताने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मांडविया ने कहा कि देशभर में लाखों युवा मैदानों में पहुंचकर खेल और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए युवाओं और समाज का स्वस्थ व फिट रहना जरूरी है।

‘एक घंटा खेल के मैदान में’

खेल मंत्री ने लोगों से हर सप्ताह कम से कम एक घंटा मैदान में बिताने और शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद के शानदार खेल करियर को याद करने के साथ युवाओं को खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का संदेश भी देता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts